
वेल्लोर (तमिलनाडु) : भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव में श्री नरेंद्र मोदी की तीसरी बार जीत और फिर से प्रधानमंत्री बनने का रविवार को दावा किया।श्री शाह ने आज सरकार की नौ साल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालने के लिए आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य लोकसभा चुनाव में 25 से अधिक सीटें जीतना है।उन्होंने भाजपा की कर्नाटक ईकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई की सराहना की और कहा कि उन्हें विश्वास है कि भाजपा लोकसभा चुनाव में 25 से ज्यादा सीटें जीतेगीं।
उन्होंने कहा,“ भाजपा की नजर लोकसभा चुनाव में कम से कम 25 सीटों पर है, लेकिन मुझे विश्वास है कि पार्टी 25 से अधिक सीटें जीतेगी।”यह कहते हुए कि श्री मोदी ने ऐतिहासिक सेंगोल (राजदंड) को स्थापित किया है । श्री शाह ने कहा, “मैंने तमिलनाडु से 25 से अधिक सांसदों को संसद में सेंगोल के सामने बैठे देखना चाहता था। ”उन्होंने लोगों से भाजपा और उसके सहयोगियों को अधिक से अधिक संख्या में वोट देने और केंद्रीय मंत्रालयों में तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने को कहा।”उन्होंने अगले साल लोकसभा चुनाव में वेल्लोर लोकसभा सीट भी भाजपा के जीतने का भरोसा जताया।उन्होंने कहा भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 300 से अधिक सीट जीतेगा। श्री मोदी भ्रष्टाचार मुक्त शासन दे रहे हैं और वह तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
इस दौरान श्री शाह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के उन सवालों के भी जवाब दिये जिसमें उन्होंने पूछा था कि केंद्र सरकार ने पिछले नौ वर्षों में तमिलनाडु के लिए क्या किया या कौन -सी योजनाएं चलायीं। श्री शाह ने इस सवाल के जवाब में कहा कि केंद्र ने पिछले नौ साल में राज्य के लिए 2़ 47 लाख करोड़ आवंटित किये जबकि कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के समय तमिलनाडु के लिए दस साल में मात्र 95 हजार करोड़ ही दिये गये थे , और यह भी बताया कि इस गठबंधन में द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) भी शामिल थी। इसके अलावा उन्होंने राज्य के हित में केंद्र सरकार द्वारा चलायी गयी योजनाओं की एक लंबी सूची भी बतायी।
सत्तारूढ़ द्रमुक पर वंशवाद की राजनीति करने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए, श्री शाह ने लोगों से परिवार के शासन को समाप्त करने का आग्रह किया और लोगों से यह भी पूछा कि क्या वे राज्य से कम से कम 25 सांसदों को संसद में भेजेंगे। उन्होंने लोगों से यह भी पूछा कि धारा 370 को हटाये जाने की आवश्यकता थी या नहीं।श्री शाह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से मदुरै में एम्स बनाये जाने को पिछले आठ साल से रूकी प्रक्रिया पर सवाल किया और कहा कि इस सवाल पर द्रमुक सरकार को जवाब देना होगा। उन्होंने सवाल किया कि दस साल तक संप्रग सरकार का हिस्सा रही द्रमुक पार्टी को जवाब देना होगा कि आखिर क्या वजह थी कि तमिलनाडु में एम्स की स्थापना के लिए जरूरी कदम नहीं उठाये जा सके।
इससे पहले श्री शाह ने दक्षिण चेन्नई संसदीय केंद्र पर भाजपा की कोर समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें श्री शाह ने विस्तार से बात की और उन सीटों पर चर्चा की जहां भाजपा की जीत की संभावनाएं प्रबल हैं।श्री शाह ने अगले लोकसभा चुनाव में तमिलनाडु से 20 से अधिक सीटें जीतने की बात कही और निकट भविष्य में तमिलनाडु से ही प्रधानमंत्री चुने जाने की बात भी कही।भाजपा सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री ने अगले साल होने जा रहे लोकसभा चुनाव में तमिलनाडु से पार्टी के 20 से अधिक सीटें जीतने की बात कही। साथ ही उन्होंने तमिलनाडु से पिछले दो बार से प्रधानमंत्री चुने जाने के अवसर के हाथ से निकल जाने का आरोप द्रमुक पर लगाया।(वार्ता)



