
टाइगर स्टेट के साथ चीता स्टेट भी बनेगा मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री शिवराज ने जताया प्रधानमंत्री का आभार, सिंधिया बोले- इससे विश्व पटल पर उभरेगा मप्र
भोपाल । टाइगर स्टेट का दर्जा प्राप्त मध्य प्रदेश अब चीता स्टेट भी बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को अपने जन्मदिन के मौके पर श्योपुर के कूनो पालपुर नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए जा रहे आठ चीतों को पिंजरों से छोड़ेंगे। इसके साथ ही प्रदेश की भूमि पर एक बार फिर चीते अपनी शानदार तेज रफ्तार के साथ पर्यटकों को मोहित करते नजर आएंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसे लेकर बहुत खुश हैं और चीता परियोजना के लिए प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क का चयन किए जाने को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया है। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा कूनो पालपुर में चीतों के पुनर्स्थापना के रूप में नया आगाज होने जा रहा है। इससे मध्य प्रदेश और श्योपुर भारत ही नहीं बल्कि विश्व पटल पर उभरेगा। ऐसे मेरा विश्वास है।
उन्होंने कहा कि वन्य जीव के क्षेत्र में श्योपुर का पुराना इतिहास रहा है। सन 1905 में मेरे पूर्वज माधौ महाराज प्रथम ने इथियोपिया से शेरों को पुनर्स्थापन कराया था। चीतों के आने से हमारे आदिवासी भाई बहनों को रोजगार के साधन व पर्यटन को विस्तार मिलेगा। भारत को विश्व में आर्थिक संपन्न और विश्व गुरु बनाने की जो सोच प्रधानमंत्री की है, ये उसकी और एक प्रयास और कदम है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को सिलसिलेवार ट्वीट के माध्यम से कहा कि ‘मैं हमारे प्रदेश का सौभाग्य मानता हूं। हम टाइगर स्टेट तो है ही, लेपर्ड स्टेट भी हैं, अब मध्यप्रदेश चीता स्टेट भी होने वाला है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री और भारत सरकार को धन्यवाद देता हूं। यहां वाइल्ड लाइफ पनपेगी और कई गांव हटाए थे, ताकि वह सुरक्षित सेंचुरी बने। जहां चीते आएं और बाकी तरह की वाइल्ड लाइफ भी वहां रहे। अब वह सपना साकार हो रहा है, संकल्प पूरा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि नामीबिया से चीते आ रहे हैं। यह असाधारण घटना है। असाधारण इसलिए क्योंकि लगभग 1952 के आस -पास हमारे देश में चीतों का अस्तित्व समाप्त हो गया। अब दूसरे महाद्वीप से चीते लाकर उनको यहां पुनर्स्थापित कर रहे हैं। शायद यह इस सदी की सबसे बड़ी घटना है, दूसरा महाद्वीप से चीजों को लाकर हम बसाएंगे। कोशिश यह करेंगे कि स्वाभाविक रूप से चीते का परिवार बढ़ता रहे।’
शिवराज ने कहा कि चीता आना, एक विलुप्त होती हुई प्रजाति को फिर से पुनर्स्थापित करने का काम तो है ही, लेकिन यह पर्यावरण का संतुलन भी बनाएंगे। वाइल्ड लाइफ समृद्ध होगी। केवल इतना ही नहीं, श्योपुर जिले और उसके आस-पास रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। चीते अभी पहुंचे नहीं हैं लेकिन जमीन की कीमतें कई गुना बढ़ गई हैं। होटल, रिसॉर्ट, गाडियां लगेंगी छोटे मोटे काम धंधे चालू होंगे। उस इलाके की तस्वीर ही बदल जायेगी। यह वाकई अद्भुत घटना है।
विशेष विमान से शनिवार सुबह 6 बजे पहुंचेंगे ग्वालियर, मोदी करेंगे देश को समर्पित
कुछ ही घंटों का इंतजार और 70 साल बाद चीतों के कदम भारत की सरजमीं पर होंगे। मप्र के कूनो राष्ट्रीय उद्यान के लिए विशेष विमान से नामीबिया से चीते रवाना हो चुके हैं। विशेष विमान से 8 चीतों को यहां लाया जा रहा है। यह विमान शनिवार सुबह करीब 6 बजे ग्वालियर पहुंचेगा। ग्वालियर में पहले से ही वायुसेना के हेलिकॉप्टर तैयार होंगे। चीतों को विमान से हेलिकॉप्टर में शिफ्ट करने में करीब आधा घंटा लगेगा और 6.30 बजे हेलिकॉप्टर ग्वालियर से कूनो के लिए उड़ाने भरेंगे। यदि सब कुछ ठीक रहा तो शनिवार सुबह 7 बजे तक चीते कूनो पहुंच जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपने जन्मदिन पर चीतों को कूनो पार्क में छोड़ेंगे।
आधे घंटे कूनो में रहेंगे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह 9.40 बजे ग्वालियर एयरबेस पहुंचेंगे। वहां से वे कूनो के लिए रवाना होंगे। यहां सुबह 11 बजे वे चीतों को क्वारंटाइन बाड़े में छोड़ेंगे और आधा घंटा ही कूनो में रहेंगे। वे चीता मित्र दल के दो सदस्यों से बात भी करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे कराहल में आयोजित महिला स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां मोदी ‘प्रधानमंत्री कौशल विकास’ योजना के तहत चार कौशल केंद्रों का उद्घाटन भी करेंगे, जो विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के लिए काम करेंगे।(हि.स.)



