
अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा आज अपने करियर का 100वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में उतरते ही इशांत अब पूर्व भारतीय दिग्गज कपिल देव के बाद 100 टेस्ट मैच खेलने वाले दूसरे भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं। यह मैच विश्व के सबसे बड़े स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रहा है, जिसका उद्घाटन भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया। इस स्टेडियम की क्षमता 1 लाख 10 हजार है और यह अब दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बन चुका है। इसी स्टेडियम में भारत के महान टेस्ट गेंदबाज अनिल कुंबले ने भी अपना 100वां टेस्ट खेला था।
बांग्लादेश के खिलाफ किया था टेस्ट करियर में पदार्पण
साल 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत करने वाले ईशांत ने अब तक 99 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें उन्होंने 32.22 की औसत से कुल 302 विकेट लिए हैं। इस दौरान भारत में खेले गए 39 टेस्ट मैचों में उन्होंने कुल 103 विकेट, जबकि विदेशों में खेले गए 60 टेस्ट मैचों में उन्होंने 199 विकेट झटके हैं। भारत में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 78 रन पर नौ विकेट है, जबकि विदेशों में 108 रन पर 10 विकेट है।
पिछले तीन साल से टेस्ट में बेहतरीन प्रदर्शन
साल 2018 से ईशांत ने टेस्ट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। साल 2018 से लेकर अब तक उन्होंने 20 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 76 विकेट लिए हैं और इस दौरान उन्होंने चार बार पांच विकेट भी लिए हैं। टेस्ट क्रिकेट में ईशांत अब तक 11 बार पांच विकेट ले चुके हैं। उन्होंने अब तक 99 टेस्ट मैचों में 302 विकेट लिए हैं।
भारत के लिए सर्वाधिक टेस्ट खेलने वाले तेज गेंदबाजों में कपिल देव (1978-1994), 131 टेस्ट खेलकर पहले स्थान पर हैं, जिन्होंने अपने करियर में कुल 434 विकेट लिए हैं। इस क्रम में दूसरा नाम इशांत का आता है। तीसरे स्थान पर जहीर खान हैं, जिन्होंने (2000-2014) 92 टेस्ट मैच खेले थे और कुल 311 विकेट लिए हैं। चौथे स्थान पर पूर्व पेसर जवागल श्रीनाथ, हैं, जिन्होंने (1991-1992) के बीच कुल 67 टेस्ट मैचों में खेलते हुए 231 विकेट हासिल किए।



