
जौनपुर। मुंबई में मीरा रोड स्थित ज्वेलरी शाप को दिन दहाड़े लूटने वाले गिरोह के लोग जौनपुर सहित पड़ोसी जिलों के ही अपराधी हैं। गिरोह का सरगना अपने दो साथियों के साथ पकड़ा गया।यूपी एसटीएफ ने इन्हें गिरफ्तार कर लूटा हुआ माल व असलहे भी बरामद कर लिए हैं। दबोचे गए आरोपितों को मुंबई पुलिस ट्रांजिट वारंट पर अपने साथ ले जा रही है, जहां उनसे पूछताछ होगी। एसटीएफ के एडीजी अमिताभ यश ने बुधवार को मिली इस कामयाबी को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में बदमाशों से बरामद जेवर, कुछ जेवरों को बेच कर हासिल नकदी और वारदात में इस्तेमाल असलहे भी सामने रखे। इस मौके पर मुंबई के पुलिस अफसर व उनकी टीम भी मौजूद थी। बदमाशों से जो असलहे बरामद हुए हैं उनमें एक स्मिथ एवं वेंसन की सर्विस रिवाल्वर है।
एडीजी ने प्रेसवार्ता में बताया कि मुंबई में लूट के मामले में आरोपित विनय सिंह के अलावा जौनपुर निवासी दिनेश निषाद व वाराणसी निवासी शैलेंद्र कुमार मिश्र को लखनऊ के चिनहट क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से बड़ी संख्या में सोने व हीरे के जेवर, 5.27 लाख रुपये व पुलिस से लूटी गई एक स्मिथ एंड वेंसन रिवाल्वर बरामद हुई है। विनय सिंह ने पुलिस को बताया कि रिवाल्वर उसे गाजीपुर निवासी राजू राय ने दी थी। पुलिस से लूटी गई गई रिवाल्वर के बारे में और गहनता से छानबीन की जा रही है। रिवाल्वर का नंबर मिटा दिया गया था। अब रिवाल्वर की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। मुंबई पुलिस आयुक्त मुख्यालय ने इस घटना के राजफाश के लिए यूपी एसटीएफ से सहयोग मांगा था।
पुलिस को सर्विलांस के जरिए की गई छानबीन के दौरान गाजीपुर निवासी विनय सिंह के बारे में सुराग मिला था। मुंबई के मीरा भायंदर के एडिशनल पुलिस कमिश्नर जय कुमार के नेतृत्व में एक टीम लखनऊ आई है। एसटीएफ के सीओ दीपक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों ने अपने गिरोह के सक्रिय सदस्य आजमगढ़ के निवासी संजीत व गाजीपुर निवासी सोनू सिंह के नाम भी उगले हैं। दोनों की तलाश की जा रही है। गिरोह का सरगना विनय सिंह पूर्व में हत्या समेत कई अन्य संगीन मामलों में जेल जा चुका है। विनय मुंबई में अपने एक रिश्तेदार के घर गया था, जिसके बाद वहां एक कमरा किराये पर ले लिया था। उसी कमरे में गिरोह के अन्य सदस्यों को बुलाया था और घटना से पहले मीरा रोड स्थित ज्वैलरी शॉप में जाकर रेकी भी की थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों में गाजीपुर के सुहवल थाना क्षेत्र स्थित तारीघाट का रहने वाला विनय कुमार सिंह उर्फ सिंटू सिंह, जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र स्थित सरोज बदेवर गांव का दिनेश निषाद और वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र स्थित कटारी गांव का शैलेन्द्र कुमार मिश्रा व बब्लू मिश्रा शामिल हैं। इसमें विनय सिंह गैंग का सरगना है। उसका लंबा आपराधिक इतिहास है। एडीजी ने कहा कि गिरोह के दो सदस्य आजमगढ़ का संजीत और गाजीपुर का सोनू अभी फरार हैं।गाजीपुर के बदमाश विनय कुमार सिंह ने हत्या और लूट की कई वारदातों को स्वीकार किया है। उसने बताया कि गैंग की देश और प्रदेश के कई ठिकानों पर लूट की योजना थी। बदमाश ने बताया कि गोआ के कैसीनो, प्रयागराज के सुभाष चौराहे के पास ज्वैलरी शॉप, लखनऊ के फन मॉल के पास ज्वेलरी शॉप पर लूट की योजना थी। विनय ने बताया कि उसके गैंग में शैलेद्र, दिनेश, आजमगढ़ का संजीत, गाजीपुर का सेनू सिंह शामिल हैं। 7 जनवरी को मुंबई के मीरा रोड स्थित ज्वेलरी शोरूम में लूट की, इसके बाद लूट का सारा माल आपस में बांट लिया।






