State

हिमाचल प्रदेश :अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से 14 लोगों की मौत की आशंका

शिमला : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोगों के भी मारे जाने की आशंका है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि राज्य के चंबा जिले में भी शनिवार सुबह बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद एक मकान ढहने से उसमें रह रहे तीन लोगों की मौत हो गई।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मंडी में शुक्रवार रात मंडी-कटोला-प्रसार मार्ग पर बाघी नाले में एक लड़की का शव उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि बाढ़ में लड़की के परिवार के पांच सदस्यों के भी बह जाने की खबर है।विभाग के अनुसार, बादल फटने के बाद कई परिवारों ने बागी से पुराने कटोला क्षेत्र के बीच स्थित अपने घरों को छोड़ दिया और सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।

अधिकारियों ने बताया कि गोहर विकास खंड के काशान गांव में भूस्खलन के बाद एक परिवार के आठ सदस्यों के भी उनके घर के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।विभाग के मुताबिक, अचानक आई बाढ़ और कई जगहों पर भूस्खलन के कारण मंडी जिले की कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।अधिकारियों ने बताया कि बल्ह, सदर, थुनाग, मंडी और लामाथच में अचानक आई बाढ़ के बाद घरों और दुकानों में पानी घुस जाने के कारण कई ग्रामीण वहां फंस गए हैं, जबकि दर्जनों वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।(भाषा)

नड्डा ने बारिश से हुये जानमाल के नुकसान पर दुख जताया

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण हुए जानमाल के नुकसान को लेकर दुख व्यक्त किया है ।श्री नड्डा ने आज उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की जिन्होंने बारिश और भूस्खलन के कारण अपने प्रियजनों को खोया है। यह नुकसान अपूरणीय है । उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की कामना की।

उन्होंने कहा कि यह लंबे समय के बाद है कि हिमाचल में इतनी लंबी बारिश का दौर देखने को मिला है। हिमाचल कठिन परिस्थितियों वाला पहाड़ी राज्य है। बारिश के कारण होने वाले नुकसान भारी हैं, केंद्र और राज्य सरकार समग्र स्थिति को नियंत्रित करने और आम जनता के लिए किसी भी तरह की मदद का विस्तार करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही हैं।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button