State

बोल बम के जयकारों के साथ अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ पहला जत्था

जम्मू । करीब दो साल के लंबे अरसे के बाद बाबा अमरनाथ यात्रा का आधार शिविर एक बार फिर बम-बम भोले, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। महादेव के जयकारे लगाते हुए शिव भक्तों का पहला जत्था कश्मीर घाटी में स्थित पहलगाम के लिए रवाना हो गया। ये श्रद्धालु कल 30 जून वीरवार को श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा में विराजमान बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन करेंगे। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सभी शिव भक्तों को यात्रा पर जाने की बधाई देते हुए हरी झंडी दिखाकर जत्थे को भगवती नगर आधार शिविर से पहलगाम के लिए रवाना किया।

पहले जत्थे के साथ रवाना हुए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हर श्रद्धालु के चेहरे पर बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन करने की उत्सुकता साफ झलक रही थी। दिल्ली से आई दिव्या सेठी ने बताया कि वह अपने परिवार व दोस्तों के साथ पिछले पांच वालों से लगातार अमरनाथ पर आ रही हैं। कोरोना महामारी के दौरान करीब दो साल तक यात्रा बंद रहने की वजह से वह नहीं आ पांई परंतु उन्हें इस बात की खुशी है कि भगवान शिव ने इस साल उन्हें सबसे पहले दर्शन करने का मौका दिया। पांच सालों में यह पहली बार है कि वह पहले जत्थे में श्री अमरनाथ के दर्शनों के लिए जा रही हैं। यही नहीं उन्होंने यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों को भी खूब सराहा।

अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आज रवाना होने वाले तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं के साथ भी सुरक्षाबलों का एक दल भेजा गया है, जो उन्हें सुरक्षित कश्मीर घाटी तक पहुंचाएगा। अमरनाथ यात्रा के दौरान लश्कर-ए-तैयबा की आतंकी हमले की धमकी को देखते हुए इस बार सीआरपीएफ के मोटर साइकिल स्कवाड को भी जत्थे में शामिल किया गया। इसके अलावा जम्मू से लेकर श्रीनगर तक हाईवे पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।

जम्मू से रवाना हुआ अमरनाथ यात्रियों के पहले जत्थे का टिकरी काली माता मंदिर के पास पुलिस और प्रशासन ने स्वागत किया। डीसी ऊधमपुर कृतिका ज्योत्सना ने विधिवत पूजन के बाद अमरनाथ यात्रियों के वाहन के आगे नारियल फोड़ कर उनके वाहनों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर एसएसपी ऊधमपुर डॉ. विनोद कुमार सहित जिला प्रशासन व पुलिस के अन्य भी मौजूद थे। अमरनाथ यात्री को लेकर 56 वाहनों का जत्था सुबह 6.00 पर टिकरी पहुंचा। तकरीबन एक घंटे के अंतर यात्रियों का जत्था सुरक्षित जिला की सीमा को पार कर आगे निकल गया। ऊधमपुर जिला में अमरनाथ यात्रियों के ठहरने के लिए 36 लाजमेंट सेंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा जिला में 18 लंगर लगाए गए हैं।

आज सुबह साढ़े पांच बजे के करीब उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंत्रोच्चारण के बीच पहले जत्थे को कश्मीर घाटी के लिए रवाना किया। उनके साथ मेयर चंद्रमोहन गुप्ता, डिप्टी मेयर, भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र राणा, डिवीजनल कमिश्नर रमेश कुमार, डीसी जम्मू अवनी लवासा व अन्य वरिष्ठ अधिकारी व अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सदस्य मौजूद थे। उपराज्यपाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। उनकी सुरक्षा को यकीनी बनाने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ सहित विभिन्न एजेंसियों को लगाया गया है। हर बार की तरह इस बार भी सीआरपीएफ का मोटर साइकिल स्कवाड जत्थे की अगुवाई कर रहा है।

30 जून को ये श्रद्धालु श्री अमरनाथ यात्रा केे पारंपरिक मार्ग बालटाल व पहलगाम से होते हुए बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन करेंगे। बाबा बर्फानी पवित्र गुफा में इस समय पूरे आकार में विराजमान हैं। भोले के भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। टिकरी पहुंचने पर ऊधमपुर प्रशासन व शहर के गणमान्य लोगों ने श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया।(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button