
चित्रकूट में रामनवमी को मनी दिवाली, साढे़ 5 लाख दीपों से जगमगाया धार्मिक शहर
मप्रः रामनवमी पर पांच लाख दीपों से जगमगा उठा ओरछा
भोपाल । रामनवमी के पावन मौके पर रविवार को भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट का गौरव दिवस मनाया गया। शाम को चित्रकूट नगर पंचायत में साढ़े 5 लाख दीपकों से संपूर्ण नगर को जगमग किया गया। उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश दोनों ही हिस्सों में शामिल संपूर्ण चित्रकूट नगर को दीपकों की रोशनी से सुसज्जित किया गया।चित्रकूट के गौरव दिवस को लेकर संपूर्ण चित्रकूट वासियों में विशेष उल्लास और उत्साह देखने को मिला। चित्रकूट में स्थित आश्रम, मंदिर प्रांगण, मंदाकिनी तट, कामदगिरी परिक्रमा एवं शैक्षणिक संस्थानों तथा परिसरों में पूर्णतः जन सहयोग से साढ़े 5 लाख से अधिक दीपक जलाये गये। इसके साथ ही सभी चित्रकूट वासियों ने अपने-अपने घरों में दीपकों की लड़ियां सजा कर रामनवमी का प्रकाश पर्व मनाया।
चित्रकूट के गौरव दिवस पर पूरे चित्रकूट नगर में दिवाली से भी कहीं अधिक दीपकों की सजावट मुख्य मार्गों, सभी आवासीय परिसर, शैक्षणिक संस्थान सहित सभी मंदिर, आश्रम, स्वयं सेवी संस्थान, पवित्र मंदाकिनी के दोनों तरफ के घाट, कामदगिरि परिक्रमा और कामतानाथ मंदिर सहित संपूर्ण चित्रकूट नगर में की गई थी। कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, आयुक्त नगर निगम तन्वी हुड्डा, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव, एसडीएम पीएस त्रिपाठी सहित साधु-संतो एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विश्वविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के अलावा संपूर्ण चित्रकूट वासियों ने पवित्र मां मंदाकिनी के दोनों तट पर दीपोत्सव में हिस्सा लिया।
चित्रकूट के संत-महात्मा और विश्वविद्यालय एवं स्वयंसेवी संस्थानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाई। गौरव दिवस पर साढ़े 5 लाख से कहीं अधिक दीपक जलाये गये, जिनमें मां मंदाकिनी के घाटों में ढाई लाख दीपक, कामदगिरी परिक्रमा में 2 लाख दीपक, हनुमान धारा और अनुसूइया आश्रम में 21-21 हजार, गुप्त गोदावरी में 11 हजार और सद्गुरु संघ ट्रस्ट एक लाख, डीआरआई और ग्रामोदय विश्वविद्यालय 50-50 हजार, तुलसी शोध संस्थान 50 हजार, गायत्री शक्तिपीठ द्वारा 25 हजार, कामतानाथ प्रमुख द्वार 21 हजार, प्राचीन मुखारविंद 11 हजार और रावतपुरा सरकार संस्थान ने 21 हजार दीपक एवं चित्रकूट के प्रमुख मार्गों के दोनों तरफ भी दीप मालिका सजाई गई।
ओरछा में मना ऐतिहासिक राम जन्मोत्सव,मुख्यमंत्री ने भी किए दीप प्रज्वलित,रामनवमी पर मनाया ओरछा का गौरव दिवस
भगवान श्री रामराजा की धार्मिक नगरी ओरछा रविवार को पूरी तरह राममय हो गई। रामनवमी पर श्रीराम जन्मोत्सव को भव्यता और पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों एवं परंपराओं के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में मनाया गया। रामनवमी पर ओरछा का गौरव दिवस भी मनाया गया।

मुख्यमंत्री चौहान ने शाम को ओरछा स्थित ऐतिहासिक श्री रामराजा मंदिर में राम भक्तों और श्रद्धालुओं के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर श्रीराम जन्मोत्सव को पूरी आस्था और विश्वास के साथ मनाया। भगवान श्री राम के आदर्श स्वरूप और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के अनुरूप राम जन्मोत्सव में दूर-दूर से आये श्रद्धालु पूरी गरिमा और विश्वास के साथ शामिल हुए। मुख्यमंत्री द्वारा श्री राजाराम मंदिर में राम जन्मोत्सव का पहला दीपक प्रस्तुत करने के साथ ही कंचना घाट और अन्य क्षेत्रों में एक साथ पांच मिनट में 5 लाख दीप प्रज्वलित हो उठे और आतिशबाजी के साथ ही पूरे ओरछा में दीपोत्सव का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
ओरछा में मने भव्य एवं ऐतिहासिक दीपोत्सव के लिए मंदिर प्रबंधन ने 5 लाख दीपक जलाने के लिए 2200 पेटियों में झांसी से मिट्टी के विशेष दीपक मंगवाए थे। दस हजार दीपक बेतवा नदी में प्रज्ज्वलित कर प्रवाहित करने के लिए अलग से मंगवाए गए थे। पांच लाख दीप जलाने के लिए 8800 लीटर तेल का उपयोग किया गया। इस पूरे आयोजन में श्री रामराजा मंदिर प्रबंधन द्वारा व्यवस्था की गई। श्री रामराजा मंदिर प्रांगण, बेतवा नदी के अलावा मंदिर के आसपास के क्षेत्र में 5 स्थानों के लिए दीपोत्सव के काम आने वाली सभी सामग्री का इंतजाम पहले से कर दिया गया था।
राम भक्तों द्वारा दीपोत्सव का यह अद्भुत नजारा देखने के लिए नगर के 5 प्रमुख स्थानों पर एलसीडी से लाइव प्रसारण भी किया गया। इस मौके पर नगर के चार स्थानों पर शानदार आतिशबाजी का प्रदर्शन भी किया गया। धार्मिक नगरी ओरछा में पहली बार मनाए गए दीपोत्सव को लेकर शहरवासियों तथा दूर-दूर से आए बड़ी संख्या में रामभक्त और अन्य श्रद्धालुओं में भारी उत्साह था।
मुख्यमंत्री ने किया श्री राम दीर्घा का लोकार्पण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ रविवार शाम को ओरछा गौरव दिवस व रामनवमी पर श्री रामराजा मंदिर में राम दीर्घा का लोकार्पण किया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, निवाड़ी जिले के प्रभारी एवं लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया, विधायक अनिल जैन, शिशुपाल यादव सहित जन-प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने सपत्नीक श्री रामराजा सरकार के दर्शन कर आरती की
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्री रामराजा मंदिर प्रांगण में दीप प्रज्ज्वलित कर ओरछा में 5 लाख दीप प्रज्ज्वलन की शुरुआत की। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह चौहान के साथ मंदिर में श्री रामराजा सरकार के दर्शन कर पूजा-अर्चना और आरती की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर ओरछा के रामराजा मंदिर की आकर्षक एवं भव्य साज-सज्जा की गई। मुख्यमंत्री के दीप प्रज्ज्वलन की शुरुआत के बाद मंदिर परिसर में विभिन्न समाजसेवी संगठनों एवं श्रद्धालुओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किए गए। देर शाम ओरछा पांच लाखों दीपों से जगमग हो उठा।
श्री राजाराम मंदिर प्रांगण में 12 क्विंटल बूंदी के लड्डू एवं पंजीरी का वितरण भी किया गया। राम नवमी पर राम जन्मोत्सव पर्व को देखने बुंदेलखंड के साथ देश के कोने-कोने से श्रद्धालु बुंदेलखंड की अयोध्या ओरछा में एकत्र हुए और भगवान राम के दर्शन कर धर्म लाभ प्राप्त किया। आज संपूर्ण रामराजा नगरी ओरछा में 1 घंटे तक आकर्षक एवं भव्य आतिशबाजी भी की गई। मंदिर के चारों तरफ जगह-जगह धार्मिक भजनों का प्रसारण एवं धार्मिक आयोजन भी हो रहे थे।



