बाईक सवार दो सगी बहनों की मौत,बाइक चला रहे भाई को मामूली चोट
गोरखपुर : जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के फोरलेन पर टेलर से कुचलकर बाइक सवार दो सगी बहनों की मौत हो गई। वहीं हादसे में बाइक चला रहे भाई को मामूली चोट आई है। बताया जा रहा है कि भाई गर्भवती बड़ी बहन का इलाज कराने के लिए गोरखपुर आ रहा था। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने चालक समेत टेलर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान संतकबीर नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी रणसीत की बेटियां अनन्या उर्फ ज्योति (25) और अनुष्कमा (20) के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक, अनन्या तीन महीने की गर्भवती थी, उसे गोरखपुर में एक डॉक्टर को दिखाना था और छोटी बहन को भी शहर में काम था।
रणजीत का बेटा आकाश सिंह अपनी बहनों को बाइक से लेकर गोरखपुर के लिए निकला था। अभी वह सहजनवां थाना चौराहे पर पहुंचा था कि पीछे से तेज रफ्तार टेलर ने टक्कर मार दिया। हादसे में दोनों बहनें झटककर बाइक से नीचे आ गई और पीछे का पहिया दोनों के ऊपर चढ़ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं आकाश मामूली रूप से घायल हुआ है। उसका मलहम पट्टी कराया गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों के भीड़ की वजह से चालक टेलर लेकर भाग नहीं पाया और उसे पुलिस ने पकड़ लिया है। अनन्या उर्फ ज्योति की शादी कुछ साल पहले ही खजनी इलाके के साहसी गांव में राजेश सिंह के साथ हुई थी। उसके पेट में पहला बच्चा भी था। मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया था। सहजनवां प्रभारी निरीक्षक अनिल चतुर्वेदी ने कहा कि सड़क हादसे में सगी दो बहनों की मौत हुई है। भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम भिजवाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



