
सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
दुद्धी, सोनभद्र- प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान योजना के तहत विशेषज्ञ चिकित्साधिकारियों द्वारा सभी गर्भवती महिलाओं को व्यापक और गुणवत्तायुक्त प्रसव पूर्व देखभाल प्रदान करना सुनिश्चित किया गया है। इस दौरान गर्भवती का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनके हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, कुपोषण, यूरिन आदि जांचें की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ नेम सिंह के कुशल निर्देशन में शनिवार को अभियान के मद्देनजर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन केंद्र अधीक्षक डॉ गिरधारी लाल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में बीएचयू की स्कॉलर रहीं महिला चिकित्सक डॉ दीप्ति सिंह सहित डॉक्टर संजीव कुमार, डॉ गौरव सिंह आदि ने भारी संख्या में उमड़ी गर्भवती महिलाओं का हेल्थ चेकअप किया। केंद्र अधीक्षक गिरधारी लाल ने बताया कि सुबह 10 बजे से सायंकाल 4.30 तक चले गर्भवती महिलाओं ले चेकअप अभियान में कुल 139 महिलाओं की रूटीन जांच की गई। इसमें विकास खंड दुद्धी के झारोकलां गांव की निवासिनी मानकुंवर पत्नी अजीत रक्तअल्पता की शिकार पाई गई। 7 ग्राम हीमोग्लोबिन वाले इस गर्भवती महिला को केंद्र से ही निःशुल्क आयरन सुक्रोज का इंजेक्शन दिया गया। एक सप्ताह बाद पुनः हीमोग्लोबिन जांच हेतु बुलाया गया है। शेष गर्भवती महिलाओं को चिकित्सकीय परामर्श के उपरांत आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गई। चेकअप के दौरान जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को उनके घर से सीएससी दुद्धी तक आने-जाने हेतु 102 एंबुलेंस के माध्यम से निशुल्क व्यवस्था, फ्री अल्ट्रासाउंड, रक्ताल्पता की शिकार महिलाओं को आयरन सुक्रोज का इंजेक्शन, ज्यादा एनीमिक मरीज को फ्री में ब्लड चढ़ाना, निशुल्क खून व एड्स जांच आदि सुविधाएं प्रदान की गई। अस्पताल में आने वाली हर गर्भवती महिला को बतौर खास मेहमान देखते हुए उन्हें फल वगैरा भी वितरित किया गया।
अभियान में नर्स मेंटर रुचि रानी ने गर्भवती महिलाओं की पेट जांच, सीएचओ विनीता व उपासना ने रजिस्ट्रेशन व बीपी चेकअप, सीताराम व संजय कुमार एलटी ने खून जांच, लक्ष्मण (आईसीटीसी) एचआईवी जांच, महेंद्र यादव फार्मासिस्ट ने दवा वितरण व संदीप सिंह (बीपीएम) ने संपूर्ण गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने एवं जलपान आदि की व्यवस्था में अपना योगदान दिया।



