Sports

विंबलडन अपडेट : तीसरे दौर में पहुंचे रूस के दानिल मेदवेदेव

पहले राउंड में बाहर हुई शरण-बोपन्ना की जोड़ी, अंकिता रैना भी हारीं

लंदन/नई दिल्ली । विंबलडन के चौथे दिन भी फैंस को कुछ बेहद रोमांचक मैच देखने को मिले और कुछ उलटफेर भी हुए। रूस के दानिल मेदवेदेव विंबलडन के तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। अपने विरोधी कार्लोस गार्फिआ को उन्होंने 6-4, 6-1 और 6-2 से आसान शिकार बनाया। तीसरी वरीयता प्राप्त एलिना स्वितोलिना विंबलडन महिलाओं के ड्रॉ में उलटफेर का शिकार हो गई, जिन्हें दूसरे दौर में पोलैंड की मागडा लिनेटे ने 6-3, 6-4 से हराया।

डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष 11 में से आठ खिलाड़ी हार, नाम वापिस लेने या चोट के कारण विंबलडन से बाहर हो चुके हैं। लिनेटे में मैच में 28 विनर लगाए जबकि एलिना आठ ही लगा सकी, विश्व रैंकिंग में 44वें नंबर पर काबिज लिनेटे ने इससे पहले शीर्ष 15 में शामिल किसी खिलाड़ी को नहीं हराया है। अमेरिका की शेल्बी रोजर्स ने दुनिया की 15वें नंबर की खिलाड़ी मारिया सक्कारी को 7-5, 6-4 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

डबल्स वर्ग में भारत के हाथ आई निराशा
भारत के दिविज शरण और रोहन बोपन्ना की जोड़ी पुरुष डबल्स के पहले ही राउंड में बाहर हो गई। भारतीय खिलाड़ियों की इस जोड़ी को फ्रांस के एडोरर्ड रोजन और फिनलैंड के हेनरी कोनटिनेन की जोड़ी ने 7-6,6-4 से मात दी। वहीं देश की युवा स्टार अंकिता रैना अपनी अमेरिकी साथी लॉरेन डेविस के साथ पहले ही राउंड में बाहर हो गई। उन्हें असिया मोहम्मद और जेसिका पेगुला की अमेरिकी जोड़ी ने 6-3, 6-2 से सीधे सेटों में मात दी।

मोनफिल्स को दूसरे दौर में मिली हार
दुनिया की 16वें नंबर की खिलाड़ी अनास्तासिया पी ने क्रिस्टीना प्लिसकोवा को 6-3, 6-3 से हराया। मार्टिनेज ने 13वीं वरीयता प्राप्त फ्रेंचमैन मोनफिल्स को 6-3, 6-4, 4-6, 7-6 (5) से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया। हालांकि मोनफिल्स का खेल पावर-पैक था क्योंकि उन्होंने मार्टिनेज के छह के मुकाबले 21 इक्के दागे और पहले सर्व पर अधिक जीते, फिर भी वह असफल रहे।
सातवीं वरीयता प्राप्त माटेओ बेरेटिनी ने बोटिक वान डे जैंडस्चुल्प पर 6-3, 6-4, 7-6(4) की कड़ी जीत के साथ तीसरे दौर में प्रवेश किया। चिली के 17वीं वरीयता प्राप्त क्रिस्टियन गारिन अपने करियर में पहली बार विंबलडन के तीसरे दौर में पहुंचे, उन्होंने चार सेटों में ऑस्ट्रेलियाई मार्क पोलमैन्स को 7-6 (3), 6-2, 2-6, 7-6 (5) से हराया। पूर्व विंबलडन चैंपियन एंजेलिक कर्बर ने तीन घंटे 19 मिनट तक चले मुकाबले में सारा सोरिब्स टोरमो को 7-5, 5-7,6-4 से मात देकर तीसरे दौर में जगह बनाई. कर्बर अब तक तीन ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी हैं।

बारबरा क्रेइसिकोवा का विजय अभियान जारी
फ्रेंच ओपन चैंपियन बारबरा क्रेइसिकोवा ने आंद्रिया पेटकोविच को 7-5, 6-4 से हराकर अपना विजय अभियान 14 मैचों का कर लिया। क्रेइसिकोवा फ्रेंच ओपन और विंबलडन लगातार जीतने वाली सेरेना विलियम्स (2015) के बाद पहली महिला खिलाड़ी बनने की कोशिश में है। वह पहली बार टूर्नामेंट के सिंगल्स वर्ग में खेल रही हैं। पुरुष वर्ग में चौथी वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने टेनिस सैंडग्रेन को 7-5, 6-2, 6-3 से हराया। पिछले साल यूएस ओपन फाइनल और इस साल फ्रेंच ओपन सेमीफाइनल खेलने वाले ज्वेरेव विंबलडन में कभी अंतिम 16 से आगे नहीं गए हैं।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button