
वाराणसी। बनारस में आज कई सड़क दुर्घटनाएं हुई। इस दौरान चौक दाल मंडी निवासी डॉक्टर की मौत हो गई। एक अन्य दुर्घटना में कई लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के टाउन हॉल इलाके में स्कूटी सवार दाल मंडी चौक निवासी डॉक्टर अकबर अली को एक डम्फर ने कुचल दिया। घायल अवस्था मे उन्हें कबीरचौरा ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।इस दौरान डंपर चालक कुछ दूर जाकर वाहन खड़ी कर भाग गया। उक्त डंपर शहर में चल रही एक योजना की कार्यदाई एजेंसी की बताई गई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर वाहन चालक को ढूंढ रही है ।
इसी तरह मिर्जामुराद क्षेत्र के भीखीपुर चट्टी के निकट आज हाइवे पर पूर्वान्ह दस बजे बाइक सवार को बचाने में लोहे के डिवाइडर में टकरा कर प्राइवेट एम्बुलेंस पलट गई। इस हादसे में एम्बुलेंस के दो चालक व टेक्नीशियन घायल हो गए। पुलिस के सहयोग से घायलों को समीप के निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। बिहार के पटना व गया निवासी दिलीप व रजनीश रांची से पंचमुखी सर्विस के एम्बुलेंस वाहन (एचआर 55 एके 0939) में मरीज को लेकर दिल्ली गए थे।

एम्बुलेंस में दरभंगा (बिहार) निवासी टेक्नीशियन रामनाथ भी सवार थे। मरीज पहुंचाने के बाद एम्बुलेंस कर्मी वापस रांची लौट रहे थे कि मिर्जामुराद से आगे बढ़ने पर भीखीपुर के पास पेट्रोल पंप के सामने सर्विस रोड से अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित हुई एम्बुलेंस हाइवे किनारे लगे लोहे के डिवाइडर में टकराकर पलट गई। घायलों को समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


