
वर्षा से फुलवरिया में जर्जर मकान गिरा, बच्चे की मौत,3 घायल
कैंट के फुलवरिया इलाके में तड़के हुई घटना से मची अफरातफरी
वाराणसी। कल से हुई मूसलाधार वर्षा के चलते आज शहर के कई इलाकों में जहां पानी भर गया वहीं कैंट इलाके में एक मकान भरभरा कर नीचे गिर पड़ा जिसमें कई हताहत हो गए। बताया गया कि कैंट थाना अंतर्गत फुलवरिया इलाके में आज भोर में वर्षा के चलते जर्जर मकान भरभरा कर गिर पड़ा । मकान के मलबे में दबकर चार लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। चीख पुकार के बीच मौके पर जुटी भीड़ व पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन में निकालकर कबीरचौरा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि परिवार के 3 लोग जीवन व मौत से संघर्ष कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार कैंट के फुलवरिया स्थित फ्लाईओवर परियोजना के दायरे में उक्त मकान आ गया था। इस बावत मकान मालिक सुजीत ने सरकारी मुआवजा भी ले लिया था।
इधर कुछ दिनों पहले ही अधिकारियों की ओर से मकान खाली करने का नोटिस भी दिया जा चुका था। बावजूद इसके परिवार के कुछ सदस्य अभी भी उस हिस्से में रह रहे थे। मकान के पिछले हिस्से में फ्लाईओवर की पाइलिंग हुई थी। इधर दो दिनों से रुक रुक कर बरसात शुरू होने के साथ भवन जर्जर व खतरनाक हो चला था ।आज अचानक भोर में अचानक तेज आवाज के साथ मकान का हिस्सा धराशाई हुआ तो नीचे सो रहे लोग दबकर चीखने चिल्लाने लगे। शोर -शराबा सुनकर आसपास के लोग जुट गए और घायलों को निकालने के लिए कवायद शुरू हुई। काफी देर मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। पुलिस ने 4 घायलों को अस्पताल भेजा। अस्पताल के इमरजेंसी में 5 वर्षीय बच्चे राज की मौत हो गई ,जबकि बबीता 26 वर्ष ,सुजीत 36 वर्ष एवं सौरभ 11 वर्ष का इलाज चल रहा है। वर्षा के चलते पूर्वांचल के कई अन्य जिलों में भी जनधन के आने की सूचना मिलती रही।
मुख्यमंत्री ने फुलवरिया के मृतक के परिजनों को दो लाख व गम्भीर घायलो को 50-50 हजार रुपये की भेजी आर्थिक सहायता
वाराणसी। आज गुरुवार को मौजा फुलवरिया, परगना देहात अमानत, तहसील सदर, जिला वाराणसी में सेवालाल पुत्र स्व0 खरभन निवासी स्थानीय का मकान गिर जाने की सूचना प्राप्त होने पर क्षेत्रीय लेखपाल/राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार, तहसीलदार सदर एवं पुलिस के अधिकारी ए0सी0पी0 कैन्ट व थानाध्यक्ष कैन्ट की उपस्थित में जाँच की गयी। प्रातः 5.00 बजे के करीब सेवालाल पुत्र स्व0 खरभन निवासी स्थानीय का मकान (फुलवरिया फोर लेन शिवपुर मार्ग से प्रभावित ध्वस्तिकरण पश्चात अवशेष जीर्णशिर्ण ) बरसात होने के करण गिरने सें परिवार के सदस्यों में तीन गम्भीर रुप से घायल हुए। घायलो को तत्काल स्थानीय लोगो के माध्यम से चिकित्सा हेतु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाॅ राजकुमार पुत्र सुजीत उम्र 6वर्ष की मृत्यु हो गयी। घायल बबिता कुमारी पत्नी सुजीत कुमार उम्र 35 वर्ष व सौरभ कुमार पुत्र सुजीत कुमार उम्र 15 का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। सुजीत कुमार पुत्र सेवालाल को हल्की चोट आयी थी। जिसको प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। यह भी अवगत कराना है कि सेतु निगम (कार्यदायी संस्था) द्वारा पीडि़त परिवार को 15 दिन का राशन एवं एक माह के लिए किराये का अग्रिम भुगतान करते हुए मकान किराये पर उपलब्ध कराया गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब है, इनको तत्काल आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। खराब आर्थिक स्थिति के दृष्टिगत मुख्यमंत्री उ0प्र0 सरकार द्वारा पीडि़त परिवार के मृतक सदस्य को दो लाख रुपये व गम्भीर रुप से घायलो को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की गयी है।


