
उत्तर प्रदेश में लागू आंशिक करोना कर्फ्यू (वीकेंड लॉकडाउन) को अगले दो दिनों तक के लिए और बढ़ा दिया गया है। कर्फ्यू 6 मई की सुबह सात बजे तक जारी रहेगा। योगी सरकार ने कहा है कि इस दौरान आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने सोमवार को यह जानकारी दी। इसके अलावा राज्य सरकार ने गांवों में अभियान चलाकर टेस्टिंग शुरू करने का भी निर्णय लिया है।
Uttar Pradesh government will begin a massive covid testing drive in the villages for early detection of COVID-19.
— PB-SHABD (@PBSHABD) May 3, 2021
संक्रमण बढ़ने के खतरे की वजह से लिया गया निर्णय
दरअसल, विश्लेषकों ने अनुमान लगाया था कि प्रदेश में हो रहे पंचायत चुनाव के दौरान, मतगणना के बाद निकलने वाले जुलूसों आदि के कारण कोरोना संक्रमण का खतरा तेजी से बढ़ेगा। इसको लेकर सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तरों पर प्रदेश में कुछ दिनों के लिए लॉकडाउन की मांग उठने लगी थी। अब योगी सरकार ने पहले से लागू आंशिक लॉकडाउन को दो दिन और बढ़ाकर प्रदेशवासियों को राहत भरी खबर दी है।
गुरुवार की सुबह 7 बजे तक जारी रहेगा लॉकडाउन
मंगलवार की सुबह 7 बजे तक रहने वाला लॉकडाउन अब 6 मई गुरुवार की सुबह 7 बजे तक जारी रहेगा। इसका असर यह रहेगा कि पंचायत चुनाव के जश्न आदि नहीं मनाये जा सकेंगे। सरकार की मानें तो संक्रमण पर व्यापक रोक को ध्यान में रखकर दो दिन की पाबंदी बढ़ाई गई है।
जरूरी सेवाएं रहेंगी बहाल
वहीं, सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जरूरी सेवाएं हर हाल में बहाल होनी चाहिए। इस दौरान कालाबाजारी पर भी नजर रखने को सरकार ने सख्त हिदायत दी है। इस दौरान नगर निगम की टीमें शहर में सेनेटाइजेशन का कार्य करेंगी। स्वयंसेवी संस्थाओं को सेवा कार्य के लिए पहले की तरह ही छूट रहेगी।



