Breaking News

धारदार हथियार से दंपति की हत्या


बांदा (उप्र) । उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में राजापुर थाना क्षेत्र के नकेली गांव में अज्ञात बदमाशों ने बृहस्पतिवार की शाम धारदार हथियार से हमलाकर एक दंपति की हत्या कर दी है। पुलिस ने जांच के सिलसिले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकित मित्तल ने शुक्रवार को बताया कि “नकेली गांव के ललित कुमार उर्फ सोनू (35) और उसकी पत्नी सुमित्रा (32) बृहस्पतिवार की शाम खेत में बने मकान के एक कमरे में लहू-लुहान हालत में पाए गए। कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी और दोनों पर धारदार हथियार से हमला किया गया है।’’

उन्होंने बताया “दोनों को गंभीर हालत में राजापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया । उसकी पत्नी सुमित्रा को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल रेफर किया, जहां देर रात उसने भी दम तोड़ दिया है।”

एसपी ने बताया “दंपति खेत में बने मकान में रहता रहा है, जबकि उसके मां-बाप गांव के पुराने घर में रह रहे हैं। परिजनों को इस वारदात का पता तब चला, जब सोनू का पिता देर शाम वहां दूध लेने पहुंचा।”

परिजनों के हवाले से एसपी ने बताया कि दंपति की किसी से कोई रंजिश सामने नहीं आयी है, लेकिन परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के मुताबिक यह हमला हत्या के इरादे से किया जाना प्रतीत होता है।

मित्तल ने बताया “घटना के शीघ्र खुलासे के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button