
भारत-इंग्लैंड 4th टेस्ट का दूसरे दिन : इंग्लिश गेंदबाजों की स्विंग में फंसी टीम इंडिया, भारत का स्कोर 80/4
अहमदाबाद टेस्ट मैच के दूसरे दिन लंच तक का खेल पूरा हो गया है, जिसमें भारत ने 80 रन 4 विकेट के नुकसान पर बना लिए हैं। इंग्लैंड के 205 रनों के जवाब में भारत अभी भी 125 रन पीछे है। ओपनर रोहित शर्मा(36*) रन बनाकर क्रीज़ पर मौजूद हैं। आज के खेल में आउट होने वाले बल्लेबाजों में भारतीय कप्तान विराट कोहली(0) और चेतेश्वर पुजारा(17), और अजिंक्य रहाणे(27) रहे। इंग्लैंड की ओर से जेम्स एंडरसन, जैक लीच और बेन स्टोक्स ने इस सेशन में एक-एक सफलता हासिल की। पहले सेशन के आखिरी ओवर में रहाणे आउट हुए और विकेट-कीपर फोक्स को कैच थमाकर चलते बने। इससे पूर्व मैच के पहले दिन इंग्लैंड की पहली पारी 205 रनों पर सिमटी थी। जिसके जवाब में कल टीम इंडिया ने खेल खत्म होने तक 24 रन 1 विकेट के नुकसान पर बना लिए थे। इंग्लैंड की ओर से पहली पारी में बेन स्टोक्स ने सर्वाधिक 55 रन बनाये, जबकि लॉरेंस ने 46 रन बनाये। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने 4, अश्विन ने 3, सिराज ने 2, जबकि सुन्दर ने 1 विकेट लिया।
भारत की खराब शुरुआत
इंग्लैंड के 205 रनों के जवाब में भारत की शुरुआत भी ख़राब रही। ओपनर शुभमन गिल पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर जेम्स एंडरसन का शिकार बने। एंडरसन ने उन्हें पगबाधा आउट किया। गिल के आउट होने के बाद पुजारा और रोहित ने खेल को बनाये रखा और पहले दिन का खेल खत्म होने तक 22 रन जोड़े। इसके बाद आज दूसरे दिन का खेल शुरु होते ही भारत की पारी में 16 रन जुड़े ही थे कि चेतेश्वर पुजारा जैक लीच का शिकार बन गए। पुजारा के आउट होने के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली भी अगले ओवर में चलते बने। कोहली इस मैच में खाता भी नहीं खोल सके, और बेन स्टोक्स का शिकार बने। कोहली के आउट होने के बाद रहाणे-रोहित ने 39 रनों की साझेदारी की। रहाणे पहले सेशन के आखिरी ओवर में एंडरसन का शिकार बने।
इंग्लिश गेंदबाजों को मिली स्विंग
मैच के दूसरे दिन के शुरूआती सेशन में इंग्लिश गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को जमकर छकाया। इंग्लिश गेंदबाजों को नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच पर अच्छी खासी स्विंग मिल रही थी। हालांकि शुरूआती सेशन में एंडरसन को कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने अच्छी गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।
इंग्लैंड की खराब शुरुआत
इससे पूर्व इंग्लिश कप्तान जो रुट ने पहले दिन टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया था। हालांकि उनका यह फैसला तब गलत साबित हुआ, जब इंग्लैंड के 3 विकेट महज 30 रन पर गिर गए। शुरूआती विकेट मिलने के बाद ऑल-राउंडर बेन स्टोक्स और बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने इंग्लैंड की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने सहजता से बल्लेबाजी करते हुए 48 रनों की साझेदारी की। स्टोक्स ने ओली पोप के साथ भी 45 रनों की साझेदारी की।
भारतीय स्पिनर्स का जलवा कायम
भारत की ओर से स्पिनर्स ने कुल 8 विकेट लिए। जिसमें से अक्षर ने 4, अश्विन ने 3, और सुन्दर ने एक विकेट लिया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह टीम में शामिल किये गए मोहम्मद सिराज ने भी इस पारी में 2 विकेट लिए, उन्होंने कप्तान रुट और बेयरस्टो को अपना शिकार बनाया। मैच के पहले दिन कुल 11 विकेट गिरे थे।



