
रोमांचक मुकाबले में सीओ पार्टनर ने भीम पार्टनर को दी पटखनी
14वें इंटरस्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गये 4 रोमांचक मैच
दुद्धी, सोनभद्र : स्थानीय क्रीड़ांगन पर चल रहे 14वें अंतरराज्यीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को एक प्रदर्शन मैच सहित कुल 4 मैचों का आयोजन किया गया। बेस्ट आफ थ्री के पैटर्न पर खेले जाने वाले इस नाक आउट पद्धति के मैच में कुल 3 औपचारिक मैच खेले गए। सायंकाल 7 बजे शुरू हुई इस प्रतिस्पर्धा का पहला मैच नीरज एंड पार्टनर बनाम अबुजर एंड पार्टनर के बीच खेला गया। जिसमें नीरज और उनके पार्टनर धर्मेंद्र सिंह धर्मू ने लगातार दो सेटों में 21-15 और 21-14 से अबुजर एंड पार्टनर को हराकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। दूसरा मैच पुलिस उपाधीक्षक दुद्धी राम आशीष यादव एंड पार्टनर बनाम भीम एंड पार्टनर के बीच खेला गया। जिसमें दुद्धी सीओ राम आशीष यादव व उनके पार्टनर ओबरा सीओ भास्कर वर्मा ने कोड के चहुँओर शाट व प्लेसिंग करते हुए लगातार दो सेटों में भीम एंड पार्टनर को 21-16 व 22-18 से हराकर प्रतियोगिता के अगले चक्र में शानदार तरीके से प्रवेश किया।
टूर्नामेंट का तीसरा मैच कृष्ण मुरारी & पार्टनर बनाम अनिल जायसवाल & पार्टनर के बीच खेला गया। इस संघर्षपूर्ण मैच में निर्धारित तीन सेट के खेल के उपरांत ही निष्कर्ष निकल सका। पहला सेट कृष्ण मुरारी & पार्टनर ने 21-17 से जीता तो दूसरा सेट अनिल जायसवाल & पार्टनर ने 24-25 से हराकर मैच को रोमांचक बना दिया। अंतिम तीसरे और निर्णायक सेट में एक बार फिर कृष्ण मुरारी & पार्टनर ने मैच में वापसी करते हुए 21-19 से जीत हासिल कर अगले चक्र का मैच खेलने की हकदार हो गए। अंतिम मैच धर्मेंद्र एंड पार्टनर और वाराणसी के शुभम एंड पार्टनर के बीच प्रदर्शन मैच के रूप में खेला गया जिसमें मात्र 15 मिनट के अंदर ही शुभम एंड पार्टनर ने बेहतरीन और कलात्मक प्रदर्शन करते हुए 21-6 व 21-7 की लगातार दो सीटों में जीत दर्ज की। मैचों में निर्णायक की भूमिका सलीम खान ने निभाई। इस अवसर पर अय्यूब खान, कुलभूषण पांडेय, प्रेमचंद्र एडवोकेट, मु.शमीम अंसारी, उपेंद्र तिवारी, आदिल खान, प्रमोद रवानी, आयोजन समिति के अध्यक्ष अवधेश जायसवाल, सचिव अनूप कुमार डायमंड सहित भारी संख्या में दर्शक मौजूद थे।




