
उत्तराखंड आपदा : मुख्यमंत्री रावत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने किया आर्थिक मदद का ऐलान
प्रत्येक मृतक के परिजनों को दी जाएगी वित्तीय सहायता
नई दिल्ली । उत्तराखंड में ग्लेशियर फटने से भारी तबाही के बाद अबतक 150 लोगों की मौत हुई है और 150 से ज्यादा लोग अभी लापता है। माना जा रहा है कि मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। इस बीच उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एलान किया है कि घटना में जिन लोगों की मृत्यु हुई है, उन सभी को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा राज्य सरकार देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के चमोली में एक ग्लेशियर के टूटने से हुए दुखद हिमस्खलन की वजह से जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की मंजूरी दी है। वहीं गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, ITBP के जवान रस्सी से सुरंग के अंदर पहुंचे। अभी 1 घंटे पहले तक वो लगभग 150 मीटर अंदर तक पहुंच पाए थे। ये सुरंग लगभग 250 मीटर लंबी है। उन्होंने कहा कि हमारी सेना के लोग वहां पहुंच गए हैं. NDRF की एक टीम दिल्ली से यहां पहुंची है। मेडिकल सुविधा की दृष्टि से वहां सेना के, पैरामिलिट्री फोर्सेज के और हमारे राज्य के डॉक्टर के वहां कैंप किए गए हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, हमने वहां का हवाई सर्वे किया, इसके बाद रेणी गांव जहां तक जाया जा सकता है, वहां तक रोड से जाकर जायजा लिया. इससे पहले उन्होंने कहा कि नदी के बहाव में कमी आई है जो राहत की बात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. बता दें कि उत्तराखंड में ग्लेशियर फटने से भारी तबाही हुई है. दो NTPC प्रोजेक्ट को नुकसान है. इस घटना में डेढ़ सौ लोगों के लापता होने की आशंका है और अबतक 10 शव बरामद किए गए हैं. इस बीच रेस्क्यू में जुटे ITBP के जवानों ने तपोवन की टनल में फंसे लोगों को निकाला है ।
चमोली आपदा : गृहमंत्री शाह ने मुख्यमंत्री रावत को हर संभव मदद का दिया आश्वासन
नई दिल्ली । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के चमोली जिले में आई प्राकृतिक आपदा को लेकर कहा कि हम लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है। गृहमंत्री शाह ने रविवार को महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में पत्रकारों से कहा कि राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। घटनास्थल पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की तीन टीमें पहुंच गई हैं। बाकी की टीमें जल्द वहां पहुंच जाएंगी। आईटीबीपी के जवान भी वहां पहुंच गए हैं। राज्य का तंत्र भी एक्टिव हो चुका है। उन्होंने कहा कि चमोली जिले में जोशीमठ के पास ग्लेशियर टूटने के कारण अलकनंदा की सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कुछ लोगों के हताहत होने की भी प्राथमिक सूचना प्राप्त हुई है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात हो चुकी है और वायुसेना को भी अलर्ट कर दिया गया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय एनडीआरएफ के कंट्रोल रूम से खुद स्थिति पर नजऱ रखे हुए हैं।
दिल्ली सरकार हरसंभव मदद को तैयार : अरविन्द केजरीवाल
नई दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उनकी सरकार उत्तराखंड के लोगों को हरसंभव मदद मुहैया कराने के लिये तैयार है, जहां रविवार को चमोली जिले के जोशीमठ में ग्लेशियर टूटने से भीषण बाढ़ आ गई है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, चमोली ज़िले से आपदा की खबर बेहद चिंताजनक है, ईश्वर से सभी लोगों की सुरक्षा एवं कुशलता की प्रार्थना करता हूं। इस मुश्किल घड़ी में उत्तराखंड की जनता तक हरसंभव मदद पहुंचाने के लिए दिल्ली सरकार तैयार है। उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ में रविवार को ग्लेशियर टूटने से धौली गंगा नदी में भीषण बाढ़ आ गई है, जिससे पारिस्थितिकीय रूप से संवेदनशील हिमालय के ऊपरी हिस्सों में बड़े पैमाने पर तबाही होने की खबर है। अधिकारियों के अनुसार एक बिजली परियोजना में काम कर रहे 150 से अधिक श्रमिक लापता हैं।




