Sports

रोमांचक मुकाबले में 2 विकेटों से टाउन क्लब दुद्धी (ए) को हरा गढ़वा क्वार्टर फाइनल चक्र में

सोमवार को आगरा व रांची झारखंड के बीच होगा मुकाबला ,गढ़वा के आलराउंडर खिलाड़ी व कप्तान रोहित सिंह हुए मैन ऑफ दी मैच

दुद्धी, सोनभद्र। गढ़वा के टीम की रहनुमाई करने वाले आलराउंड खिलाड़ी व कप्तान रोहित सिंह की बॉलिंग (3 विकेट) और बल्लेबाजी करते हुए 41 रनों की बेहतर प्रदर्शन के बदौलत गढ़वा की टीम ने मेजबान टाउन क्लब दुद्धी (ए) की टीम को 2 विकेटों से हरा कर क्वार्टर फाइनल चक्र में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया। मैच की बावत जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष सुमित सोनी ने बताया कि स्थानीय टीसीडी क्रीड़ांगन पर चल रहे 34वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के छठवें मैच का टॉस गढ़वा के कप्तान रोहित सिंह ने जीता व पिच की नमी को भांपते हुए पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए टाउन क्लब (ए) की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में अपने 9 विकेट खोकर 202 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसमें उद्घाटक बल्लेबाज सागर विश्वकर्मा ने 3 छक्का और 10 चौके की मदद से 40 गेंदों पर सर्वाधिक 67 रनों की पारी खेली।

इसके अलावा दूसरे सलामी बल्लेबाज नागेंद्र नाथ ने 35 गेंदों पर एक छक्का व 7 चौका की मदद से 42 रन बनाकर पारी की ठोस शुरुआत की। अन्य बल्लेबाजों में निशु 13 और शाहनवाज ने नाबाद 10 बनाये। इसके अलावा कोई बल्लेबाज दहाई अंक का आंकड़ा नही छू पाया। गढ़वा के गेंदबाजों में कप्तान रोहित सिंह ने अपने निर्धारित कोटे के 4 ओवरों में 24 रन खर्च करके 3 खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। अन्य गेंदबाजों में शुभम व प्रशांत को 2-2 विकेट मिला। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने के लिए उतरी गढ़वा की टीम प्रारंभिक चरण में ही उस समय लड़खड़ा गई जब उद्घाटक गेंदबाज निशु ने अपनी इनस्विंगर गेंद पर आर्यन को कैच पकड़वा मात्र 2 रन पर ही सलामी बल्लेबाजों की जोड़ी तोड़ दी। दूसरे ओपनर गेंदबाज शाहनवाज उर्फ छोटन ने प्रथम पायदान पर उतरे बल्लेबाज मोहित को बिना खाता खोले बोल्ड मारकर चलता किया। लेकिन उसके बाद सेकेंड डाउन पर उतरे गढ़वा के बल्लेबाज शरीक 8 छक्का और दो चौके कुल 54 रनों की धैर्य भरी बल्लेबाजी ने एक बार फिर गढ़वा को वापस मैच में लाकर खड़ा कर दिया। दूसरे उद्घाटक बल्लेबाज वीरेंद्र और प्रशांत का 26-26 रन गढ़वा को मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया। रही सही कोर-कसर कप्तान रोहित सिंह ने एक छक्का और तीन चौके की मदद से 41 रन बनाकर जीत का सेहरा टीम के सर बांध दिया।

गढ़वा की टीम 19.2 ओवर में अपने 8 विकेट खोकर जीत का लक्ष्य पार कर लिया। दुद्धी के गेंदबाजों में नागेंद्र ने अपने निर्धारित 4 ओवरों के कोटे में 29 रन देकर तीन विकेट हासिल किया। इसके अलावा शाहनवाज 4 ओवर 32 रन 2 विकेट और रेहान ने 4 ओवर में 39 रन देकर एक विकेट अर्जित किया। इस प्रकार गढ़वा की टीम ने दुद्धी को एक कड़े मुकाबले में 2 विकेटों से हराकर क्वार्टर फाइनल चक्र में प्रवेश कर गई। मैच में गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट तथा 41 रनों की पारी खेलने वाले गढ़वा के हरफन मौला खिलाड़ी कप्तान रोहित सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित मुख्य अतिथि अय्यूब खान के हाथों पुरस्कृत किया गया। मैच के अंपायर सलीम खान व इकबाल कुरैशी, स्कोरिंग आर्यन जायसवाल, कमेंट्री मु.शमीम अंसारी व सुनील जायसवाल ने किया। आयोजन समिति के सचिव जबीं खान ने बताया कि सोमवार को आगरा व रांची के बीच मैच प्रातः 10:00 बजे से खेला जाएगा।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button