Sports

बरेका के अखाड़े में गूंजा दमखम का शंखनाद, 67वीं अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आगाज

वाराणसी के बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने गुब्बारे उड़ाकर और दीप प्रज्वलित कर तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उद्घाटन मुकाबले में बरेका के अर्जुन यादव ने उत्तर रेलवे के दिनेश को हराकर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में 13 रेलवे टीमें हिस्सा ले रही हैं। फ्री स्टाइल और ग्रीको-रोमन के विभिन्न भार वर्गों में देशभर के रेलवे पहलवान अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन कर रहे हैं।

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आज  67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता-2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। बरेका कुश्ती केंद्र में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने गुब्बारे उड़ाकर तथा दीप प्रज्वलित कर दिनांक 29 सितम्बर से 01 अक्टूबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात बरेका के पहलवान अर्जुन यादव एवं उत्तर रेलवे के पहलवान दिनेश के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला गया। महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने दोनों पहलवानों का हाथ मिलाकर मुकाबले का शुभारंभ कराया। फ्री स्टाइल कुश्ती के 69 किग्रा भार वर्ग के मुकाबले में बरेका के अर्जुन यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

उल्लेखनीय है कि भारतीय रेल की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे (NR), मध्य रेलवे (CR), पश्चिम रेलवे (WR), उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR), उत्तर मध्य रेलवे (NCR), रेल कोच फैक्ट्री (RCF), बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW), रेलवे सुरक्षा बल (RPF), पूर्वोत्तर रेलवे (NER), पूर्व मध्य रेलवे (ECR), रेलवे बोर्ड (RB), पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) एवं दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) सहित कुल 13 टीमें प्रतिभाग कर रहीं है।

प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल में 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97 एवं 125 किलोग्राम तथा ग्रीको-रोमन में 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 एवं 130 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले खेले जा रहे है।

67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता में आज फ्री स्टाइल कुश्ती में 70 किग्रा,92 किग्रा,79 किग्रा और 61 किग्रा और ग्रीको रोमन में 55 किग्रा, 72 किग्रा , 87 किग्रा,130 किग्रा भार वर्ग के मुकाबले में गोल्ड, सिल्वर ब्रांज मेडल के विजेता का फैसला होगा।

पहलवानों के शानदार दांव-पेच एवं दमदार प्रदर्शन से पूरा कुश्ती केंद्र उत्साह और रोमांच से भर उठा। खेल प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट एवं उत्साहवर्धन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और मुकाबले के रोमांच को चरम पर पहुंचा दिया। प्रतियोगिता में ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पहलवान आकर्षण का केंद्र रहे।

इस अवसर पर अध्यक्ष, बरेका खेलकूद संघ एवं प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा, महासचिव , बरेका खेलकूद संघ एवं मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-विद्युत श्री अनुराग कुमार गुप्ता एवं उप महाप्रबंधक श्री सागर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, बरेका महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती सरिता सिन्हा, श्रीमती गुरमीत कौर, श्रीमती अनुजा अग्रवाल, श्रीमती प्राची मित्तल, श्रीमती पूजा मौर्य, श्रीमती सुनीता, श्रीमती प्रियंका प्रसाद सचिव श्रीमती राखी गुप्ता, एवं श्रीमती मीनाक्षी सिंह, संयुक्त सचिव, कर्मचारी परिषद श्री प्रदीप कुमार यादव, श्री श्रीकांत यादव, श्री नवीन कुमार सिन्हा, श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह, श्री संतोष कुमार यादव, श्री मनीष कुमार सिंह, श्री अमित कुमार एवं श्री सुशील कुमार सिंह सहित प्रशिक्षक, निर्णायक एवं विभिन्न रेलवे टीमों के खिलाड़ी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

वाराणसी में बल्क वेस्ट जनरेटरों का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य, नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई

Related Articles

Back to top button