7 विकेट से राबर्ट्सगंज को हराकर पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर सेमीफाइनल में
पं. दीनदयाल नगर के सम्राट हुए मैन ऑफ दी मैच
दुद्धी, सोनभद्र| स्थानीय टीसीडी क्रीड़ांगन पर चल रहे 34वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे मैच में पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर की टीम ने सुपर स्टार राबर्ट्सगंज की टीम को 7 विकेटों से हराकर सेमीफाइनल चक्र में प्रवेश कर गयी। मैच की बावत जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष समिति ने बताया सुमित सोनी ने बताया की मैच का टॉस पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के कप्तान सम्राट मौर्या ने जीता व पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए राबर्ट्सगंज की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में अपने 6 विकेट खोकर मात्र 187 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसमें सुभम ने 3 छक्का और चार चौके की मदद से सर्वाधिक 48 रनों की पारी खेली। इसके अलावा संदीप ने 2 छक्का 4 चौक की मदद से 43 रन, शिवम ने 3 चौका और 3 छक्का की मदद से 38 रन व आशुतोष ने 18 रन बनाए। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के गेंदबाजों में शमशेर ने अपने कोटे के निर्धारित 4 ओवरों में 26 रन खर्च करके तीन खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके अलावा विक्रांत को 2 व चंदन को एक विकेट मिला। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने के लिए उतरी पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर की टीम 17.5 ओवर में ही अपने 3 विकेट खोकर निर्धारित जीत के लक्ष्य को पार कर लिया। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के बल्लेबाजों में उद्घाटक बल्लेबाज मनीष ने 4 छक्के और 8 चौके की मदद से सर्वाधिक 65 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा कप्तान सम्राट ने भी 6 छक्का और 3 चौके की मदद से अविजित 53 रनों की पारी खेली। इसके अलावा दूसरे ओपनर बल्लेबाज 3 छक्का और 2 चौके की मदद से 37 रन बनाए। राबर्ट्सगंज के गेंदबाजों में आकाश को दो व बृजेश को एक विकेट हासिल हुआ। मैच में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 15 गेंदों पर 53 रनों की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेलने वाले पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के कप्तान सम्राट मौर्या को मैन ऑफ द मैच घोषित कर प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह के हाथों पुरस्कृत किया गया। मैच के अंपायर गौस मोहम्मद खान इकबाल कुरैशी, स्कोरिंग आर्यन जायसवाल, व कमेंट्री सलीम खान व सुनील जायसवाल ने किया। गुरुवार का मैच प्रकाश पाली राबर्ट्सगंज और चोपन के बीच खेला जाएगा।



