Sports

शतकवीर मनीष की धुआंधार बल्लेबाजी की बदौलत मुगलसराय ने ओबरा को दो विकेट से रौंदा

आज का मुकाबला बलिया बनाम राबर्ट्सगंज

दुद्धी, सोनभद्र – टीसीडी मैदान पर चल रहे 34वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले मैच में 15 चौका और शानदार 6 छक्के की बदौलत मात्र 48 गेंद पर 109 रनों की शतकीय पारी खेलने वाले मनीष की धुआंधार बल्लेबाजी की बदौलत मुगलसराय की टीम ने नाइन स्टार ओबरा को 2 विकेट से रौंद कर,अगले चक्र में जगह बना ली। उक्त जानकारी देते हुए आयोजन कमेटी के अध्यक्ष सुमित सोनी ने बताया कि मैच पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय और नाइन स्टार ओबरा के बीच खेला गया। टॉस मुगलसराय के कप्तान सम्राट मौर्या ने जीता और पहले फील्डिंग करने का फैसला किया।

ओबरा ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 220 रन बनाए। जिसमें सचिन ने 6 छक्के और 6 चौकों की मदद से सर्वाधिक 74 रन बनाए इसके अलावा आशुतोष ने सात चौकों की मदद से 64 रन, प्रखर ने 3 छक्के और 2 चौकों की मदद से 33 रन और अक्षय ने 1 चौके की मदद से 28 रन बनाए। गेंदबाजी करते हुए मुगलसराय के गेंदबाजों में चंदन ने 3 ओवर में 36 रन देकर दो विकेट लिए जबकि विजय यादव, विक्रांत व हर्ष को एक-एक विकेट हासिल हुआ। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए मुगलसराय की टीम 19.3 ओवर में 8 विकेट खोकर निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर लिया।

मुगलसराय के बल्लेबाजों में 16 वर्षीय हाई स्कूल के छात्र मनीष कुमार ने मैदान के चहुंओर शॉट लगाते हुए 6 छक्का व 15 चौकों की मदद से सर्वाधिक 109 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को ठोस आकर प्रदान किया। इसके अलावा दीपक ने 6 चौके की मदद से 32 रन, विक्रांत ने एक छक्का और चार चौकों की मदद से 23 रन, सम्राट ने दो छक्का और एक चौके की मदद से 18 रन बनाए। ओबरा के गेंदबाजों में आशुतोष ने अपने निर्धारित कोटे के 4 ओवर में 41 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया। दूसरे गेंदबाज कप्तान प्रणय श्रीवास्तव ने 4 ओवर में 43 रन देकर तीन विकेट के कलीम ने एक विकेट किया।

इस प्रकार मुगलसराय की टीम ओबरा की टीम को 2 विकेट से हराकर अगले चक्र में प्रवेश कर गई। मैन ऑफ द मैच घोषित शतकवीर खिलाड़ी मनीष को अधिशासी अधिकारी भारत सिंह के हाथों व्यक्तिगत पुरस्कार से नवाजा गया। मैच के अंपायर गौस मोहम्मद खान व सुनील गुप्ता थे।जबकि स्कोरिंग आर्यन जायसवाल ने किया। कमेंट्री की भूमिका मोहम्मद शमीम अंसारी (पत्रकार), सुनील जायसवाल व इरफान ने निभाई। सचिव जबीं खान ने बताया कि मंगलवार को प्रतियोगिता का दूसरा मैच बलिया और राबर्ट्सगंज के बीच खेला जाएगा।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button