
जौनपुर। थाना जलालपुर पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान 750 लीटर ओपी और एक मैजिक गाड़ी बरामद की गई है। बरामद चीजें किसी शराब माफिया का मानी जा रही हैं। एथाइल एल्कोहल का इस्तेमाल शराब बनाने में किया जाता है, इसे रेक्टीफाइड स्प्रिट या ओपी आदि के नाम से जाना जाता है। खबर मिली है कि मझगवां कला मार्ग पर बुधवार को जलालपुर पुलिस ने 750 लीटर अवैध ओपी बरामद किया, साथ ही एक पिकअप को कब्जे में ले लिया है।
पिकअप सवार दो लोग पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। चंवरी बाजार में मौजूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप पर ओपी लादकर कुछ लोग जलालपुर- थानागद्दी सड़क मार्ग से चंवरी की तरफ जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हुई और चंवरी नहर पुलिया के पास पिकअप को रोकने का प्रयास किया, कितु चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया तो चंवरी- मंझगवा मार्ग पर अपनी गाड़ी को खड़ी कर चालक व एक अन्य व्यक्ति अंधेरा और कोहरे का लाभ उठाकर भाग निकले। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। वाहन पर 50-50 लीटर के प्लास्टिक का 15 गैलन लदा हुआ था, जिसमें करीब 750 लीटर अवैध ओपी भरा हुआ था। पुलिस दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी है।




