
कृषि बिल से किसानों का अहित हुआ तो संसद की सदस्यता से त्यागपत्र
अपने पैतृक गांव आए भाजपा सांसद और सिने स्टार रविकिशन ने कहा
जौनपुर। गोरखपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद और भोजपुरी सिने स्टार रविकिशन ने कृषि बिल को किसानों के हित में करार दिया है। उन्होंने कहा कि किसान धरना समाप्त कर दें। अगर कृषि बिल से किसानों का अहित हुआ तो मैं संसद की सदस्यता से त्यागपत्र दे दूंगा। अपने पिता की प्रथम पुण्यतिथि पर पैतृक गांव बिसुई (केराकत) आए रविकिशन ने अनौपचारिक प्रेस वार्ता में कहा कि कहा कि मोदी और योगी युग में देश व प्रदेश के किसान व मजदूर सहित किसी इंसान का अपमान या नुकसान नहीं होगा।
किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके हितों को ध्यान में रखकर एमएसपी डेढ़ गुणा कर दी गई है। बिल वापसी का सवाल नहीं है, लेकिन संशोधन जरूर हो सकता है। प्रदेश में विकास की लहर चल रही है। उन्होंने कहा कि माता से आंतरिक सुरक्षा और प्यार मिलता है। पिता बाह्य सुरक्षा कवच होता है। इसी सेवा की शक्ति से मैं आज दुनिया में अपनी पहचान बनाने में सफल हो सका है। अपने पिता स्वर्गीय श्याम नारायण शुक्ल को याद कर रविकिशन भावुक हो उठे।



