EducationUP Live

जौनपुर में नवनियुक्त 579 प्राइमरी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित

मंत्री, विधायकों और अधिकारियों ने शिक्षकों के महत्वपूर्ण दायित्व का किया जिक्र

जौनपुर । बेसिक शिक्षा विभाग में 36590 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्त पत्र वितरण समारोह प्रदेश के समस्त जनपदों में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में नियुक्त पत्र शिक्षकों को प्रदान किए गए। इसी क्रम में यहां परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के लिए नवनियुक्त 579 शिक्षकों को राज्य मंत्री आवास एवं शहरी नियोजन गिरीश चंद्र यादव द्वारा मां दुर्गा इंटर कालेज में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज एवं देश को एक नई दिशा में लेकर जाता है । जब बच्चा विद्यालय में आता है तो उसका मस्तिष्क एक कोरे कागज की तरह होता है, शिक्षक द्वारा ही उसके मस्तिष्क का विकास किया जाता है।

उन्होंने कहा कि सभी प्राथमिक विद्यालय में पैरेंट्स मीटिंग, वार्षिकोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जायें एवं बच्चों को टूर पर ले जाया जाए, जिससे उन्हें अपनी संस्कृति के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके। विधायक बदलापुर रमेश मिश्र ने कहा कि शिक्षक का देश की सेवा में अहम योगदान होता है। शिक्षक देश के भविष्य के निर्धारण में महत्वपूर्ण योगदान करते हैं । उन्होंने कहा कि जिले के विद्यालयों का कायाकल्प किया जा रहा है, बच्चों को जूता – मोजा, स्वेटर, बैग,ड्रेस मुफ्त में दिए जा रहे हैं ,जिससे बच्चों को स्कूल जाने की प्रेरणा मिल रही है। विधायक जफराबाद डॉक्टर हरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि सभी शिक्षक बच्चों को सहजता से अपनी बातों को समझाते हुए उनमें सकारात्मक दृष्टिकोण पैदा करें।

जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि अब जनपद में अध्यापकों की कोई कमी नहीं रह जाएगी।सरकारी शिक्षक कई परीक्षाओं को पास करने एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत नियुक्त किए जाते हैं जो कि प्राइवेट अध्यापकों से बेहतर होते हैं। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक संकल्प लें कि जिस भी गांव के विद्यालय में जाएंगे उस गांव को आदर्श शिक्षित गांव बनाएंगे।बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि जनपद में कुल 2232 शिक्षकों का आवंटन हुआ था, जिसमें से प्रथम चरण में 1492 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया था। द्वितीय चरण में 627 शिक्षकों का आवंटन हुआ जिसमें से आज 579 शिक्षक उपस्थित हुए, जिन्हें नियुक्ति पत्र दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनुपम शुक्ला तथा समस्त खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button