
संघ दो चरणों में चलाएगा राम मंदिर के लिए धन संग्रह अभियान
विहिप के नेतृत्व में प्रत्येक हिंदू परिवार से घर-घर जाकर इकट्ठा करेंगे सहयोग राशि
जौनपुर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के काशी प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के लिए प्रत्येक हिंदू परिवार से सहयोग राशि ली जाएगी। संगठन के कार्यकर्ता घर-घर जाकर सहयोग राशि इकट्ठा करेंगे। इसके लिए 15 जनवरी से 27 फरवरी तक अभियान चलाया जाएगा। वह टीडी कालेज के बलरामपुर सभागार में संघ की बैठक में जौनपुर और मछलीशहर के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि वर्षों के संघर्ष और बलिदान के बाद हिंदू समाज का सपना साकार होने वाला है। सभी को अयोध्या में रामलला के दिव्य और भव्य मंदिर के निर्माण का इंतजार है। भगवान राम केवल हिंदू आस्था के केंद्र ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता और अस्मिता के प्रतीक भी हैं।
विहिप के संगठन मंत्री मुकेश ने कहा कि धन संग्रह का कार्यक्रम विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में होगा। प्रांत कार्यवाह बांकेलाल यादव ने बताया कि धन संग्रह का कार्य दो चरणों में होगा। इसमें कूपन के माध्यम से समर्पण राशि स्वीकार की जाएगी। यह काम दो चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 15 से 31 जनवरी तक चलेगा। इसमें न्यूनतम दो सौ रुपये लिए जाएंगे। अधिकतम सहयोग राशि की कोई सीमा नहीं है। दूसरा चरण एक फरवरी से 27 फरवरी तक चलेगा। इसमें कूपन के माध्यम से समर्पण राशि ली जाएगी। 10 रुपये, 100 रुपये और 1000 रुपये के कूपन कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे। बैठक में विभाग प्रचारक जगदीश, ओम प्रकाश, डा. वेद प्रकाश, भाजपा के जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह एवं राम विलास पाल, वीरेंद्र , नंदराज, विधायक हरेंद्र सिंह, नीतू सिंह, सुचिता सिंह, नारायण चौरसिया, योगेश, रजनीश, संतोष उपाध्याय, अमित निगम, शिव कुमार, अजय पाठक, अरुण कुमार पाठक, प्रदीप आदि मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता विभाग संचालक मुरली पाल और संचालन विभाग कार्यवाह शिव प्रकाश ने किया।




