
कलेक्ट्रेट के अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोला पुलिस के खिलाफ
एक अधिवक्ता के परिवार पर फर्जी मुकदमा दर्ज करने का बरसठी पुलिस पर आरोप, एसओ समेत दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी .
जौनपुर। कलेक्ट्रेट के अधिवक्ताओं ने पुलिस के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। अपने एक साथी अधिवक्ता के परिवार पर फर्जी मुकदमा दर्ज करने का बरसठी पुलिस पर आरोप लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग को लेकर कलेक्ट्री के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को तालाबंदी करके डीएम ऑफिस के सामने धरना प्रदर्शन किया। थानाध्यक्ष बरसठी और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई होने तक धरना प्रदर्शन जारी रखने का अधिवक्ताओं ने पहले ही ऐलान कर रखा है।
धरना दे रहे अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बरसठी पुलिस के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक की भी कड़ी आलोचना की। इसके पूर्व अपने साथी अधिवक्ता विकास कुमार पांडेय व उनके परिवार के ऊपर फर्जी मुकदमा किए जाने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित वकीलों ने गुरुवार को भी हड़ताल पर रहते हुए कलेक्ट्रेट परिसर का चक्रमण करके विरोध दर्ज कराया था। आंदोलित अधिवक्तागण पुलिस अधीक्षक राजकरन अय्यर से कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ के प्रस्ताव की कथित रूप से उपेक्षा करने से खफा हैं।
समिति ने चेतावनी दी है कि यह विरोध प्रदर्शन बरसठी के थानाध्यक्ष व दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई होने तक चलता रहेगा। इस दौरान अधिवक्ता अदालती कामकाज से विरत रहेंगे। आन्दोलन का नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष हरिश्चंद्र यादव व संचालन महामंत्री आनंद कुमार मिश्र ने किया। इस दौरान विशेष रूप से पूर्व अध्यक्ष जगत नारायण तिवारी, महेंद्र प्रताप सिंह, उदय प्रताप सिंह, पूर्व महामंत्री जयंत्री प्रसाद मिश्र, रविन्द्र नारायण सिंह, ओमप्रकाश सिंह, बृजेश कुमार यादव, वीरेंद्र श्रीवास्तव, आनंद श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव आदि अधिवक्ता मौजूद थे।



