
जौनपुर। कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार की शाम देव दीपावली की रौनक रही। शहर में आदि गंगा गोमती घाटों की अलौकिक सजावट की गई। शाही पुल और सद्भावना पुल विद्युत झालरों से रोशन थे तो उनके बीच गोमती का तट दोनों तरफ असंख्य दीपों से जगमगा रहा था। गोपी घाट पर संकट मोचन सेवा ट्रस्ट ने सजावट की। यहां घाटों पर आकर्षक रंगोली भी सजाई गई थी। स्वच्छ गोमती अभियान ने गोमती आरती का आयोजन किया।महिलाओं ने घाटों के किनारे दीप जलाकर पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धा के इस पर्व पर लोगों ने आकर्षक रंगोली भी बनाई।
पूर्णिमा की चांदनी में झालर और दीपों की रोशनी से जगमगाते घाट अद्भुत नजारा पेश कर रहे थे। गौरतलब है कि कुछ वर्षों से जौनपुर का देव दीपावली उत्सव लगातार वृहद रुप लेता जा रहा है। नगर पालिका की ओर से घाटों की साफ-सफाई के अलावा झालरों की सजावट कराई गई है। शाही पुल और सद्भावना पुल पर लगी सभी लाईटों के साथ साथ झालरों की रोशनी ने दीपों के साथ मिलकर कार्यक्रम को और भव्य बनाया। प्रमुख घाट जैसे सिरकोनी के राजेपुर, खुटहन के पिलकिछा घाट तो शहर के सूरज घाट, गोपी घाट, गोकुल घाट, अचला देवी घाट, बजरंग घाट, नाव घाट पर दीयों से जगमग हो उठे।शहरी क्षेत्र में गोमती नदी के घाटों के किनारे स्वयंसेवी संस्थाओं की तरफ से दीप जलाए गए।
बलुआ घाट और अचला देवी घाट के बीच नव विकसित धार्मिक स्थल छोटीकाशी के मंदिरों को भी दीपों से आलोकित किया गया था। स्वच्छ गोमती अभियान की ओर से गोपी घाट पर गोमती आरती के बाद शहीदों के सम्मान में भी दीया जलाया गया। देव दीपावली उत्सव को कोरोना वारियर्स और शहीदों के सम्मान के रुप में भी मनाया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर, सिटी मजिस्ट्रेट सहदेव मिश्र, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली संजीव कुमार मिश्र समेत अनेक लोगों को सम्मानित भी किया गया।
देव दीपावली पर चौकियां धाम का सरोवर भी हजारों दीपों से जगमगा उठा। जगमग दीपों की छटा देखते ही बन रही थी। इस मनोरम नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग देर शाम तक जुटे रहे। शाम होते ही चौकियां सरोवर का नजारा बदल गया। चौकियां स्थित मां शीतला धाम पर सरोवर को चारों तरफ दीपों और झालरों से सजाया गया था। यहां डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसपी राजकरण नय्यर सहित अन्य अतिथियों ने आरती की। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। इस मनमोहक नजारे का साक्षी बनने बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े थे।




