
जौनपुर। नेवढ़िया थाना से मात्र तीन सौ मीटर दूर पर दबंगों ने एक पत्रकार के ऊपर हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। पत्रकार ने किसी तरह दबंगों के चंगुल से छूट कर अपनी जान बचाई। पुलिस ने इस मामले में 3 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के हथेरा नयेपुर गांव निवासी एवं एक न्यूज ऐप के रिपोर्टर रोहित पटेल नेवढ़िया थाना से समाचार कवरेज कर शनिवार शाम अपने घर जा रहे थे। खबर मिली है कि थाने से करीब 300 मीटर दूर बाइक सवार तीन अज्ञात लोगों ने रास्ते में रोक लिया और लात घूसों एवं पंच से अचानक हमला बोल दिया।
रोहित उनके चंगुल से छूटते हुए किसी प्रकार जान बचाकर भागे और नेवढ़िया थाने पर पहुंच कर पुलिस को सूचना दिया। रोहित के मुताबिक घटना के पीछे सिर्फ दो कारण समझ में आ रहे हैं। पहला जमीनी विवाद और दूसरा थाने से क्राइम की खबरों को संकलित करना। बताया जाता है कि कई बार रोहित से थाने के एक सिपाही कहा था कि थाने से समाचार नहीं निकाले वरना इसका अंजाम बुरा हो सकता है। जिसके कारण पत्रकार रोहित का शक इस हमले में इन्हीं दोनों बिंदुओं पर है। फिलहाल जो भी हो पत्रकार के ऊपर जानलेवा हमले की घटना से पत्रकारों में भारी रोष व्याप्त है। पत्रकारों ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई और अज्ञात हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग पुलिस से किया है। मामले में नेवढ़िया पुलिस ने 3 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा धारा 323 और 506 का दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। घायल रोहित का रामनगर सीएचसी में मेडिकल मुआयना करवाकर इलाज कराया गया।



