Politics

सपाइयों की उद्दंडता ने ली 13 वर्षीय मासूम की जान’, अखिलेश की गोरखपुर रैली पर राजभर का बड़ा आरोप

गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 13 वर्षीय किशोर की मौत को लेकर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपाइयों की उद्दंडता को घटना की वजह बताते हुए सपा की संवेदनहीनता पर सवाल उठाए। राजभर ने अखिलेश यादव को गीता प्रेस, गुरु गोरखनाथ मंदिर और तरकुलही माई मंदिर को लेकर भी घेरा तथा 2027 में सपा की हार का दावा किया।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोरखपुर रोड शो के दौरान 13 वर्षीय किशोर की मौत को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपाइयों की उद्दंडता के चलते मासूम की जान चली गई, लेकिन सपा नेताओं की ओर से संवेदना का एक शब्द तक नहीं आया।

राजभर ने कहा कि जिस घटना में एक परिवार ने अपना मासूम बेटा खो दिया, उस पर संवेदना जताने के बजाय समाजवादी पार्टी के नेता क्रांतिकारियों की जाति तलाशने में व्यस्त रहे। उन्होंने इसे विपक्ष की राजनीतिक संवेदनहीनता करार दिया।

‘गीता प्रेस जाकर भगवद्गीता खरीद लेते तो शायद सद्बुद्धि मिल जाती’

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव की गोरखपुर यात्रा को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव महायोगी गुरु गोरखनाथ के मंदिर नहीं गए। कम से कम गीता प्रेस जाकर भगवद्गीता ही खरीद लेते, शायद उन्हें सद्बुद्धि मिल जाती।

राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव मुस्लिम वोटबैंक की नाराजगी के डर से तरकुलही माई मंदिर में दर्शन करने नहीं गए। उनके इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में धार्मिक स्थलों और राजनीतिक यात्राओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

‘कांग्रेस का झंडा-बैनर भी लगवा देते’

सुभासपा प्रमुख ने अखिलेश यादव को इंडी गठबंधन की याद दिलाते हुए कहा कि यदि वह गठबंधन के प्रति इतने ही प्रतिबद्ध हैं तो अपने रोड शो में कांग्रेस के बड़े नेताओं के झंडे और बैनर भी लगवा देते। उन्होंने विपक्षी गठबंधन की एकजुटता पर भी सवाल उठाए।

‘लोफरों की संगत छोड़िए, 2027 में सत्यानाश तय’

राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें लोफरों की संगत छोड़कर बड़े-बुजुर्गों से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि समाजवादी पार्टी ने अपनी कार्यशैली और संगत नहीं बदली तो 2027 के विधानसभा चुनाव में उसका सत्यानाश तय है।

गोरखपुर रोड शो के दौरान किशोर की मौत के मामले में भाजपा और सहयोगी दलों के नेताओं के लगातार हमलों से प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। वहीं, इस घटना को लेकर विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

किशोर की मौत से भड़के CM योगी, अखिलेश यादव पर साधा निशाना, बोले- माफियागिरी बर्दाश्त नहीं होगी

Related Articles

Back to top button