Varanasi

नगर आयुक्त का एक्शन शुरू, पहले ही दिन दफ्तर से घाटों तक औचक निरीक्षण, अधिकारियों को लगाई फटकार

वाराणसी के नवागत नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय, त्रिनेत्र भवन, काशी इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर और प्रमुख गंगा घाटों का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय में गंदगी और अभिलेखों की अव्यवस्था पर अधिकारियों को फटकार लगाई। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा के साथ महिला फरियादी की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। छठ महापर्व को देखते हुए नमो घाट, राजघाट और भैंसासुर घाट पर सफाई, जलभराव और कूड़ा निस्तारण को लेकर सख्ती दिखाई।

​वाराणसी: नवागत नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय के विभिन्न कक्षों और संपूर्ण परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में अव्यवस्था को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।निरीक्षण के दौरान गैलरी में रखे डस्टबिन की समुचित साफ-सफाई न होने तथा महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं दस्तावेजों के बंडल बेहद अव्यवस्थित ढंग से रखे पाए गए। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में रखे सभी टूटे-फूटे और अनुपयोगी टेबल, कुर्सी तथा अलमारियों को तत्काल हटाया जाए। इसके साथ ही, कार्यालय कक्षों और गैलरी में लगे जालों की तुरंत सफाई कराने और डस्टबिन को नियमित रूप से साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यालय के सभी कक्षों, गलियारों और संपूर्ण परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाते हुए उच्च स्तर की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा।

कार्यालय में दस्तावेजों के रख-रखाव को लेकर लापरवाही बरतने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि समस्त अभिलेखों एवं दस्तावेजों के बंडलों को सुव्यवस्थित तरीके से निर्धारित स्थानों पर सुरक्षित रखा जाए, ताकि कार्यालय में किसी भी प्रकार की अनावश्यक अव्यवस्था न फैले।

नगर आयुक्त ने दो टूक शब्दों में कहा कि नगर निगम का कार्यालय स्वयं शहर में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था का एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। कार्यालय परिसर में अनुपयोगी सामान और अभिलेखों की अव्यवस्था किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यालय कक्षों की नियमित साफ-सफाई और अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव की व्यक्तिगत जिम्मेदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही क्षम्य नहीं होगी और दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त ने किया त्रिनेत्र भवन एवं काशी इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर का निरीक्षण

नवागत नगर आयुक्त एवं वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शाश्वत त्रिपुरारी ने सोमवार को त्रिनेत्र भवन एवं काशी इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कमांड सेंटर से संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सर्वप्रथम काशी इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर का अवलोकन किया। उन्होंने यहां से संचालित निगरानी एवं प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं को समझा तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने वाराणसी स्मार्ट सिटी कार्यालय का निरीक्षण किया और शहर में संचालित विभिन्न स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए नगर आयुक्त ने कार्यालय से बाहर निकलते समय सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने के लिए पहुंची एक महिला फरियादी से भी बातचीत की। उन्होंने महिला की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने तथा उसकी शिकायत का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त के इस निरीक्षण को स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं की समीक्षा और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नमो घाट, राजघाट और भैंसासुर घाट का अधिकारियों संग लिया जायजा, जलभराव व गंदगी पर जताई सख्त नाराजगी

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इस क्रम में सोमवार नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सुबह में शहर के प्रमुख घाटों नमो घाट, राजघाट एवं भैंसासुर घाट का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं का बारिकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घाटों पर नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि घाटों व उनके आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी कूड़ा-करकट, गंदगी या जलभराव की स्थिति बिल्कुल न उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाए और लगातार सफाई अभियान चलाया जाए।

नगर आयुक्त ने बल देते हुए कहा कि कूड़े का तत्काल उठान और निस्तारण कराया जाए, जिससे घाटों पर आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि महापर्व के समापन तक सभी घाटों पर व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी रखी जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर रहकर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखे।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता सिविल सुरेश चंद्र, जल निगम नगरीय के अधिशासी अभियंता कमल सिंह सहित संबंधित जोनल स्वच्छता अधिकारी और अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

टैक्स जमा करने का एक और मौका, यूपी में OTS योजना की समयसीमा बढ़ी

कैलेंडर नहीं, सूर्य तय करता है एकादशी! जानिए सही तिथि, व्रत और पारण का नियम

Related Articles

Back to top button