Sports

मैरीकॉम के गुरु छोटे लाल यादव को मिला द्रोणाचार्य सम्मान, 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह 2025 में देश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। समारोह में 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार तथा मुक्केबाजी कोच छोटे लाल यादव सहित पांच प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया गया। दिव्या देशमुख, विदित गुजराती, तेजस्विन शंकर, गायत्री गोपीचंद और राजकुमार पाल सम्मानित खिलाड़ियों में शामिल रहे। इस वर्ष किसी खिलाड़ी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चयनित नहीं किया गया।

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार एवं साहसिक पुरस्कार समारोह में देश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के अंतर्गत विभिन्न खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार प्रदान किए गए। हालांकि, इस वर्ष किसी भी खिलाड़ी को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान ‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार’ के लिए चयनित नहीं किया गया। वर्ष 2014 के बाद यह पहला अवसर है, जब खेल रत्न पुरस्कार किसी खिलाड़ी को नहीं दिया गया।

अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होने वालों में शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित संतोष गुजराती, एथलेटिक्स के तेजस्विन शंकर, मोहम्मद अजमल और प्रियंका गोस्वामी, बैडमिंटन खिलाड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद, मुक्केबाज नरेंद्र, निशानेबाज अखिल श्योराण, धनुष श्रीकांत, हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल और लालरेमसियामी, कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा, पैरा निशानेबाज रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलीट एकता भ्यान तथा नौकायन खिलाड़ी अरविंद सिंह शामिल हैं।

पांच प्रशिक्षकों को मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार

खेलों में खिलाड़ियों को तैयार करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशिक्षित करने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पांच प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

छोटे लाल यादव का खेल का सफर बरेका से शुरू हुआ। उनके पिता राधा कृष्ण यादव बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। बरेका की खेल परंपरा और मिट्टी से जुड़े छोटे लाल ने वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण से मुक्केबाजी में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार किया।उनके प्रशिक्षण में तैयार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। 

नियमित श्रेणी में एथलेटिक्स प्रशिक्षक परवीर सिंह, मुक्केबाजी प्रशिक्षक छोटे लाल यादव और निशानेबाजी प्रशिक्षक नेहा नंदकुमार चव्हाण को यह सम्मान मिला। वहीं, लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में मुक्केबाजी प्रशिक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती प्रशिक्षक वीरेंद्र कुमार को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया गया।

छोटे लाल यादव ने भारतीय मुक्केबाजी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने एम.सी. मैरीकॉम, जैस्मिन और साक्षी जैसी प्रतिभाशाली मुक्केबाजों को प्रशिक्षण दिया है।

फुटबॉल खिलाड़ी आई. अरुमैनायगम को अर्जुन लाइफटाइम पुरस्कार

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में फुटबॉल खिलाड़ी आई. अरुमैनायगम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) से सम्मानित किया गया। वह वर्ष 1962 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय फुटबॉल टीम का हिस्सा रहे थे। यह सम्मान खेल जीवन में उल्लेखनीय योगदान देने और सक्रिय खेल करियर के बाद भी खेलों को प्रोत्साहित करने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता है।

आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार

खेलों के विकास और प्रोत्साहन में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 प्रदान किया गया। यह सम्मान खेलों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली संस्थाओं और संगठनों को दिया जाता है।

साहसिक खेलों में उपलब्धियों के लिए चार लोगों का सम्मान

समारोह में तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 भी प्रदान किए गए। भूमि आधारित साहसिक गतिविधियों में बलजीत कौर और स्कालजांग रिग्जिन, जल आधारित साहसिक गतिविधियों में रिमो साहा तथा लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में शिव प्रसाद चमोली को सम्मानित किया गया।

चयन समिति की सिफारिश पर हुई थी घोषणा

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के विजेताओं की घोषणा खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त 2026 को की थी। पुरस्कारों के लिए प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने किया था। समिति में प्रतिष्ठित खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता से जुड़े विशेषज्ञ और खेल प्रशासक शामिल थे। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का उद्देश्य खेल के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करना तथा देश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाना है। (वार्ता)।

अन्य प्रमुख सम्मान:

  • अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम): आई. अरुमैनायगम (फुटबॉल)।

  • द्रोणाचार्य पुरस्कार: परवीर सिंह, छोटे लाल यादव और नेहा नंदकुमार चव्हाण।

  • द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम): धर्मेंद्र सिंह यादव और वीरेंद्र कुमार।

  • राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार: आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे।

    अर्जुन पुरस्कार विजेताओं की पूरी सूची

    खिलाड़ी खेल
    तेजस्विन शंकर एथलेटिक्स
    मोहम्मद अजमल वी. एथलेटिक्स
    प्रियंका गोस्वामी एथलेटिक्स
    ट्रीसा जॉली बैडमिंटन
    गायत्री गोपीचंद बैडमिंटन
    नरेंद्र मुक्केबाजी
    विदित संतोष गुजराती शतरंज
    दिव्या जितेंद्र देशमुख शतरंज
    धनुष श्रीकांत बधिर निशानेबाजी
    लालरेमसियामी हॉकी
    राजकुमार पाल हॉकी
    सुरजीत कबड्डी
    पूजा कबड्डी
    रुद्रांश खंडेलवाल पैरा निशानेबाजी
    एकता भ्यान पैरा एथलेटिक्स
    अरविंद सिंह नौकायन
    अखिल श्योराण निशानेबाजी

बेंगलुरु को 15 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, PM मोदी ने मेट्रो की पिंक लाइन का किया लोकार्पण

Related Articles

Back to top button