
वाराणसी में सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार पर नगर आयुक्त सख्त, ठेकेदार को लगाई फटकार
वाराणसी में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को सीएम ग्रिड योजना और सड़क निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माण में देरी और फिनिशिंग की कमियां मिलने पर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। ट्रॉमा सेंटर रोड, सुंदरपुर मार्ग और भगवानपुर में निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने, अतिक्रमण हटाने तथा यातायात सुगम बनाने के निर्देश दिए।
वाराणसी: नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को शहर में चल रहे सीएम ग्रिड योजना और सड़क निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में ढिलाई और फिनिशिंग में कमियां मिलने पर नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।
नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड योजना के फेज-3 के साथ-साथ फेज-1 के अंतर्गत आने वाली ट्रॉमा सेंटर रोड और सुंदरपुर वाली सड़क का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा, भगवानपुर क्षेत्र में सीमलेस वे के तहत सीसी रोड निर्माण कार्यों और गली-सड़क खड़ंजा कार्यों का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने फेज-3 में तेजी से कार्य शुरू कराने तथा रास्ते में आने वाले सभी अतिक्रमणों को तत्काल प्रभाव से हटवाने के निर्देश दिए। वहीं, ट्रॉमा सेंटर और सुंदरपुर वाली सड़कों के निर्माण कार्यों को युद्ध स्तर पर जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया। काम में विलंब और लापरवाही को लेकर ठेकेदार को कड़ी चेतावनी दी गई है।
सुंदरपुर मार्ग पर लगभग काम पूरा हो चुका है, लेकिन फिनिशिंग के स्तर पर कुछ कमियां पाई गईं। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्लांटर्स में सीएनसी कटिंग वाली जाली लगाई जाए, ताकि पौधे सुरक्षित रह सकें और लगे हुए कर्व स्टोन में एकरूपता और बेहतर फिनिशिंग लाई जाए। इसके साथ ही, ट्रॉमा सेंटर से सीएम ग्रिड रोड की तरफ मुड़ने वाले पेट्रोल पंप के पास के मोड़ को चौड़ा करने के लिए कहा गया है, जिससे वहां यातायात सुगम हो सके। इस निरीक्षण के दौरानइस दौरान उनके साथ अधिशासी अभियंता आगम कटियार, संबंधित अवर अभियंता, तकनीकी सहायक और ठेकेदार के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
देश को मजबूत और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सरदार पटेल का अनुसरण जरूरी: अपर नगर आयुक्त
वाराणसी : नगर निगम सिगरा के सभागार में शनिवार को देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके जीवन, देश के एकीकरण में उनके अमूल्य योगदान और उनके आदर्शों पर विस्तार से अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति से बिखरी हुई रियासतों को एकजुट कर एक अखंड भारत का निर्माण किया था। उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही देश को और अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाया जा सकता है। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने की शपथ दिलाई।
सभी ने सत्यनिष्ठा के साथ यह संकल्प लिया कि वे देशवासियों के बीच राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाने में अपना पूरा योगदान देंगे। सभागार में मौजूद सभी लोगों ने देश की आंतरिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अंत में सहायक लेखाधिकारी एपी तिवारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों, वक्ताओं और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान नगर निगम के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
बगैर सूचना के जनगणना प्रशिक्षण अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर गिरेगी गाज
पहले ‘आश्वासन पर आश्वासन’ मिलता था, अब ‘सौगात पर सौगात’ मिलती हैः मुख्यमंत्री



