Varanasi

बगैर सूचना के ​जनगणना प्रशिक्षण अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर गिरेगी गाज

वाराणसी में जनगणना-2026 प्रशिक्षण से बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है। आदमपुर, भेलूपुर, वरुणापार और सारनाथ जोन में कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वहीं, जोनल ट्रेनिंग के निरीक्षण में साफ-सफाई और भोजन व्यवस्था का जायजा लिया गया।

वाराणसी। जनगणना-2026 के तहत नगर निगम में कर्मचारियों का प्रशिक्षण जारी है। प्रशिक्षण में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के प्रति नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने ऐसे कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।

प्रशिक्षण के दौरान आदमपुर जोन में एक, भेलूपुर जोन में 25, वरुणापार जोन में पांच और सारनाथ जोन में 11 कर्मचारी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। नगर निगम प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को कार्रवाई के प्रति सचेत किया है।

इधर, गत 30 अक्टूबर को सिगरा स्थित सनबीम स्कूल में ऋषि मंडई चार्ज की जोनल ट्रेनिंग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी उपस्थित रहे। खराब मौसम और बारिश के बावजूद प्रशिक्षण में कर्मचारियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई।

नगर आयुक्त के निर्देश पर निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण स्थल पर साफ-सफाई, भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, अन्य जोनों में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम 14 नवंबर से पूर्व पूरा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जनगणना कार्य को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी के बाद निगम प्रशासन में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के बीच खलबली मची हुई है।

बरेका में कर्मचारियों के बीच पहुंचे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, कैंटीन में साथ किया भोजन

पहले ‘आश्वासन पर आश्वासन’ मिलता था, अब ‘सौगात पर सौगात’ मिलती हैः मुख्यमंत्री

Related Articles

Back to top button