काशी के 26 वार्डों की बदलेगी तस्वीर, 2679 करोड़ की सीवर-पेयजल परियोजनाओं को कैबिनेट की मंजूरी
वाराणसी में सीवरेज और पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए प्रदेश कैबिनेट ने 2678.92 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। लहरतारा, चितईपुर और ट्रांस वरुणा जोन के 26 वार्डों में सीवर लाइन और पेयजल नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। इन परियोजनाओं से जल संकट, सीवर ओवरफ्लो और जल निकासी की समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। महापौर अशोक कुमार तिवारी के अनुसार, स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया और निर्माण कार्य आगे बढ़ाए जाएंगे।
वाराणसी : प्रदेश कैबिनेट ने मंगलवार को वाराणसी में सीवरेज और पेयजल से जुड़ी विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकासशील विजन के तहत काशीवासियों को यह एक और बड़ी सौगात मिली है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के तहत शहर के तीन प्रमुख जोन लहरतारा, चितईपुर और ट्रांस वरुणा (पुराने वार्ड) के कुल 26 वार्डों में पेयजल और सीवर लाइन बिछाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इन सभी विकास कार्यों पर कुल 2678.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
कैबिनेट से इन प्रस्तावों के स्वीकृत होने के बाद अब संबंधित विभागों ने कागजी प्रक्रिया तेज कर दी है। जानकारों का मानना है कि इन क्षेत्रों में जल्द ही टेंडर आमंत्रित कर धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय नागरिकों को नारकीय जीवन से मुक्ति मिलेगी और क्षेत्र का सुनियोजित विकास हो सकेगा। इससे पहले निगम क्षेत्र के अत्यधिक प्रभावित 22 वार्डों की सीवर और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत शहर में 2161 करोड़ रुपये की लागत से 353.13 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन और 651.64 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मंजूरी भिली थी । इसका कार्य भी शुरू हो गया है ।
जल निगम के तीनों जोनों में योजनाओं का विवरण इस प्रकार है:
1. चितईपुर जोन (6 वार्ड)
इस जोन के अंतर्गत भगवानपुर, छित्तूपुर खास, सीवरगोवर्धनपुर, सुसुवाही, कंदवा और करौदी क्षेत्र आते हैं। यहां की घनी आबादी को पेयजल और जल निकासी की बेहतर सुविधा मिलने जा रही है।
पेयजल योजना स्वीकृत राशि: 227.90 करोड़ रुपये
सीवर योजना स्वीकृत राशि: 748.90 करोड़ रुपये
2. लहरतारा जोन (7 वार्ड)
लहरतारा, मण्डुवाडीह, फुलवरिया, शिवदासपुर, लोहता, मढौली और ककरमत्ता वार्डों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी बजट स्वीकृत हुआ है।
पेयजल योजना स्वीकृत राशि: 214.21 करोड़ रुपये
सीवर योजना स्वीकृत राशि: 630.64 करोड़ रुपये
3. ट्रांस वरुणा जोन / नगर निगम के पुराने वार्ड (13 वार्ड)
वरुणा नदी के पार स्थित पुराने शहरी इलाकों के कुल 13 वार्डो में सरसौली, तरना, पांडेयपुर, नारायणपुर, दानियालपुर, अकथा, सारनाथ, पहाड़िया, खजुरी, रमरेपुर, डिठोरी महाल, सिकरौल और शिवपुर में जल संकट और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से स्थाई मुक्ति मिलेगी।
पेयजल योजना स्वीकृत राशि: 252.85 करोड़ रुपये
सीवर योजना स्वीकृत राशि: 604.42 करोड़ रुपये
”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ओजस्वी मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में वाराणसी में अवस्थापना विकास का कार्य अभूतपूर्व गति से चल रहा है। कैबिनेट द्वारा सीवरेज और पेयजल से जुड़े इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने से शहर के 26 और वार्डों के दिन बहुरेंगे। इन क्षेत्रों में जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर मानक के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण कार्य प्रारंभ कराए जाएंगे, जिससे काशी की जनता को इन बुनियादी सुविधाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिल सके।”
-अशोक कुमार तिवारी, महापौर
योगी कैबिनेट के 22 बड़े फैसले: कैशलेस इलाज, 4 लिंक एक्सप्रेसवे और AI-रोबोटिक्स पार्क को मंजूरी
अहोई अष्टमी 2026: कब दिखेंगे तारे और कब खुलेगा व्रत? जानिए पूजा का शुभ मुहूर्त, कथा और आरती



