Politics

‘घोटालों के लिए अकेले आजम नहीं, अखिलेश भी जिम्मेदार, रामपुर दौरा सिर्फ चुनावी जुमला’: ओपी राजभर

उत्तर प्रदेश की राजनीति में आजम खान से अखिलेश यादव की मुलाकात को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए शिक्षा व्यवस्था और आजम खान के साथ कथित अन्याय का मुद्दा उठाया। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने आजम खान की स्थिति के लिए अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने जौहर यूनिवर्सिटी और जमीन कब्जे के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला बोला।

लखनऊ ; उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने रामपुर जेल में बंद आजम खान से सपा प्रमुख की मुलाकात और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सपा की सोच पर भी सवाल खड़े किए।

’सपा का शिक्षा से कोई लेना-देना नहीं’
राजभर ने कहा कि सपा का शिक्षा से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव दोपहर 12 बजे सोकर उठते हैं और प्रेस कांफ्रेंस करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव को शिक्षा में हुए बदलाव को देखना है तो सपा शासन के प्राथमिक स्कूलों और योगी सरकार के स्कूलों की तुलना करें। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश के 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय खोलकर मजदूरों के बच्चों को पढ़ा-लिखाकर आगे बढ़ाने की व्यवस्था की है।

‘अखिलेश ने आजम खान के साथ किया अन्याय’
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि आजम खान के साथ सबसे ज्यादा अन्याय तो खुद अखिलेश यादव ने किया है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान के कई मामलों की जांच हो रही है और मुकदमे दर्ज हो रहे हैं।

राजभर ने सवाल उठाया कि आगरा एक्सप्रेस-वे, गोमती रिवर फ्रंट जैसे प्रोजेक्ट्स में जो गड़बड़ियां हुईं, क्या उनके लिए केवल आजम खान जिम्मेदार हैं या फिर अखिलेश यादव भी?

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है, तो ऐलान करें कि वह किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री बनाएंगे।

‘आजम खान के इस हाल के लिए केवल अखिलेश यादव जिम्मेदार’:अनिल राजभर

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और आजम खान की मुलाकात पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश यादव को आजम खान की याद आने लगी है। जबकि आजम खान के इस हाल के लिए कोई और नहीं बल्कि खुद सपा प्रमुख ही जिम्मेदार हैं। वहीं, भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर सपा पर निशाना साधा।

आजम को आगे कर रामपुर की जमीनों पर कब्जा किया गया: अनिल राजभर

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि आज आजम खान का जो हाल है उसके लिए कोई और नहीं बल्कि सपा और उसके मुखिया अखिलेश यादव ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने सरकार में रहते हुए आजम खान को आगे करके रामपुर की जनता की जमीनों पर कब्जा किया। अखिलेश ने ही पर्दे के पीछे रहकर भ्रष्टाचार किया और आजम खान के जेल पहुंचने का रास्ता साफ किया।

राजभर ने कहा कि सपा को अपने कृत्यों की जिम्मेदारी भाजपा पर नहीं डालनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग जनता को अपने पैरों की धूल समझते थे, उन्हें योगी सरकार ने उनकी असली स्थिति का एहसास कराया है। राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी में नेतृत्व का अवसर एक ही परिवार तक सीमित है।

जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर राकेश त्रिपाठी ने अखिलेश को घेरा

जौहर यूनिवर्सिटी का मुद्दा उठाते हुए बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि यूनिवर्सिटी के नाम पर सपा ने सरकारी जमीनों के साथ-साथ गरीबों और विधवाओं की जमीनों पर कब्जे किए। उन्होंने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी इस बात का उदाहरण है कि सत्ता में रहते सपा कैसे भ्रष्टाचार करती है।

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा का पूरा इतिहास ही राम मंदिर और अयोध्या के विरोध का रहा है। लेकिन आज चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश यादव को अचानक भगवान राम की याद आने लगी है। लेकिन उनके इस दोहरे रवैये को यूपी की जनता देख रही है।

यूपी पुलिस का बजट 2.7 गुना बढ़ा, 2.26 लाख भर्तियां और 35,971 पदों पर भर्ती जारी

मरीजों के लिए डॉक्टर नहीं, उम्मीद थे डॉ. अश्विनी जैन; जानिए क्यों आज भी याद करता है बनारस

Related Articles

Back to top button