Varanasi

नमोघाट जाने वाला रास्ता होगा चकाचक, कज्जाकपुरा आरओबी और अंडरपास भी सजेंगे

वाराणसी में चौकाघाट से नमोघाट मार्ग को सुंदर, हरा-भरा और सुगम बनाने के लिए नगर निगम ने सुंदरीकरण अभियान की तैयारी की है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अवैध विज्ञापन हटाने, डिवाइडर पर हरियाली बढ़ाने, स्ट्रीट लाइट लगाने और अंडरपास व आरओबी पर आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बाढ़ का पानी घटने के बाद आदिकेशव से रविदास घाट तक 85 गंगा घाटों की सिल्ट सफाई की निगरानी के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

​वाराणसी : चौकाघाट से नमोघाट मार्ग को सुंदर, हरा-भरा और सुगम बनाने के लिए नगर निगम ने बड़े पैमाने पर सुंदरीकरण और सफाई अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस क्रम में मार्ग पर अवैध विज्ञापनों को हटाकर आवागमन सुचारू करने के साथ-साथ डिवाइडर पर हरियाली और रोशनी की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
​
शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने चौकाघाट से नमोघाट को जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर पाई गई विभिन्न कमियों और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों व विभागों को कड़े निर्देश जारी किए। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि मार्ग पर पोलों पर लगे अवैध विज्ञापनों को तत्काल हटाया जाए ताकि यातायात में कोई बाधा न हो और मार्ग की सुंदरता बनी रहे।

लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण के समय ढके या दबा दिए गए मैनहोलों का निरीक्षण कर उन्हें मानक के अनुसार ऊंचा कराया जाएगा, जिससे सीवर व्यवस्था और सफाई प्रभावित न हो। संपूर्ण मार्ग के डिवाइडर पर अलग-अलग रंग के झंडे लगाए जाएंगे। सड़क के दोनों ओर पटरियों पर पाथवे की रिसेटिंग कराकर ट्री-गार्ड सहित पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, डिवाइडर पर बेतरतीब ढंग से बढ़ी झाड़ियों और पेड़-पौधों की छंटाई कर उन्हें सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।

​कज्जाकपुरा आरओबी और अंडरपास का होगा सौंदर्यीकरण

कज्जाकपुरा आरओबी के नीचे मोटिफ आर्ट्स पेंटिंग और इसके दोनों ओर सर्विस रोड पर प्रकाश व्यवस्था के लिए नए लाइट प्वाइंट लगाए जाएंगे। इसके अलावा, राजघाट स्थित भदऊं डाट पुल, कज्जाकपुरा अंडरपास और अलईपुर अंडरपास पर वर्ली आर्ट की थीमैटिक पेंटिंग कराई जाएगी तथा सिटी स्टेशन की बाउंड्री वॉल पर भी आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश दिए । यूनिटी मॉल के सामने और सड़क पर जगह-जगह जमी सिल्ट (मिट्टी) को तुरंत हटाने तथा नमोघाट पर सिल्ट की सफाई जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।

राजघाट तिराहे के पास शीतला माता मंदिर के सामने स्थित ड्रेन की मरम्मत कराने तथा मार्ग के विभिन्न स्थलों पर व्यू कटर लगाने के भी निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कर आख्या प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। निरीक्षण के समय नगर आयुक्त के साथ अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

गंगा घाटों पर सिल्ट सफाई की निगरानी के लिए अफसर तैनात

बाढ़ का पानी कम होते ही नगर निगम ने गंगा घाटों पर सफाई की व्यापक कार्ययोजना तैयार कर ली है। इस क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गंगा घाटों पर सिल्ट (गाद) सफाई कार्य की नियमित निगरानी के लिए अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी है। आदिकेशव घाट से लेकर रविदास घाट व रामघाट तक सभी 85 गंगा घाटों को अलग-अलग जोन और क्लस्टर में बांटकर पर्यवेक्षणीय व नोडल अधिकारियों को तैनात किया गया है। पर्यवेक्षणीय अधिकारियों को प्रतिदिन अपने आवंटित घाट का निरीक्षण कर ‘ऑफिसर्स ग्रुप’ में जियोटैग फोटो शेयर करनी होगी।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर तीन दिनों के भीतर कार्य की प्रगति आख्या प्रस्तुत करें। सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने घाटों की सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए अपर नगर आयुक्त दुर्गेश कुमार मिश्रा, विनोद कुमार गुप्ता, पवन कुमार गुप्ता, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, जोनल अधिकारी इन्द्र विजय, मनोज कुमार सिंह, मृत्युन्जय नारायण मिश्रा, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी संदीप भार्गव, जोनल स्वच्छता अधिकारी क्षितिज मिश्रा, राजीव कुमार और संयुक्त नगर आयुक्त कृष्णचंद्र को विभिन्न घाटों का प्रभार सौंपा गया है।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि घाटों की सीढ़ियों और प्लेटफॉर्म से गाद को पूरी तरह साफ कराया जाए। निकाली गई सिल्ट को घाटों पर जमा छोड़ने के बजाय तत्काल उठाकर तय स्थलों पर निस्तारित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

वाराणसी में मांस-मछली की दुकानों पर बड़ा आदेश, नवरात्र से एयर शो तक रहेगी पाबंदी

अखिलेश को योगी की खुली चुनौती, अयोध्या में चेलों से क्यों लड़ना, आमने-सामने हो मुकाबला

Related Articles

Back to top button