भलुअनी में खूनी वारदात: घर से बुलाया, चाकू से गोदा और मौत के घाट उतार दिया
देवरिया के भलुअनी थाना क्षेत्र के गांधी नगर में गुरुवार रात 23 वर्षीय मनीष सिंह उर्फ मोनू की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि मनीष ने पहले ही जान से मारने की धमकी की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। भाई की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
भलुअनी, देवरिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 गांधी नगर में गुरुवार रात करीब नौ बजे घर से बुलाकर 23 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान गांधी नगर निवासी मनीष सिंह उर्फ मोनू सिंह (23) पुत्र प्रेम सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मनीष गुरुवार देर शाम चौराहे पर कुछ सामान लेने गया था। रात करीब नौ बजे परिवार के मोबाइल पर किसी परिचित का फोन आया और मनीष के घायल होने की सूचना दी गई। परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मनीष को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मनीष ने एक सितंबर को थाने में तहरीर देकर आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की थी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले में समय रहते कार्रवाई नहीं की। इसी को लेकर परिवार ने घटना के लिए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चाईना अंसारी पुत्र कलामुद्दीन अंसारी, अंबुज विश्वकर्मा पुत्र दीनानाथ, जयकिशन यादव पुत्र रमेश यादव निवासी शिवधरिया तथा नागेश यादव पुत्र अज्ञात निवासी कुईचवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कई थानों की पुलिस तैनात
सीओ बरहज रंजना सचान ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मृतक के घर से लेकर बाजार तक विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बरहज, सलेमपुर और मईल समेत कई थानों की पुलिस क्षेत्र में मुस्तैद है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना में नामजद कुछ आरोपी सोशल मीडिया पर कथित तौर पर ‘149’ नाम से आईडी बनाकर वीडियो पोस्ट करते हैं। लोगों का आरोप है कि इन वीडियो के जरिए क्षेत्र में दहशत और अपनी दबंग छवि कायम करने का प्रयास किया जाता रहा है। हालांकि, इन दावों की पुलिस स्तर से पुष्टि किया जाना बाकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
बलिया की दिव्यांग रागिनी ने CM योगी से कहा अपना दर्द, मुख्यमंत्री ने तत्काल लिया बड़ा फैसला
गंगा केवल नदी नहीं, भारत की संस्कृति और सभ्यता की जीवनधारा : रमेश पोखरियाल ‘निशंक’



