UP Live

योगी सरकार का शिक्षक दिवस अभियान: यूपी में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’, 81 शिक्षक होंगे सम्मानित

उत्तर प्रदेश में शिक्षक दिवस पर योगी सरकार ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान चलाएगी। 5 सितंबर को प्रदेश के सभी वन प्रभागों में गुरु सम्मान में पौधरोपण होगा। लखनऊ में चंद्रिका देवी मंदिर के समीप विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 81 चयनित शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। प्रत्येक शिक्षक को 25 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा।

लखनऊ : योगी सरकार ने एक तरफ पौधरोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत एक दिन में 35.27 करोड़ से अधिक पौधे रोप कर रिकॉर्ड बनाया तो दूसरी तरफ इस वर्ष भी विशिष्ट वनों की स्थापना की गई। विशिष्ट वनों की श्रृंखला में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ के तहत भी विशिष्ट आयोजन होगा। गुरु के सम्मान में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर सभी वन प्रभागों में यह आयोजन किया जाएगा।

योगी सरकार ने रचा इतिहास, 2026 में बनाया सर्वाधिक पौधरोपण का कीर्तिमान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने नया इतिहास रच दिया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ के अंतर्गत पौधरोपण महायज्ञ-2026 में पूरे प्रदेश में एक दिन (12 जुलाई, रविवारवार) में 35,27,89,926 पौधरोपण हुए। यह सरकार द्वारा तय किए गए लक्ष्य 35 करोड़ से 27,89,926 अधिक रहा। सीएम योगी ने 12 जुलाई को गोरखपुर में दो स्थानों पर पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया था।

लखनऊ में चंद्रिका देवी मंदिर के समीप लगेगा ‘एक पेड़ गुरु के नाम’

लखनऊ के प्रभागीय वनाधिकारी सितांशु पांडेय ने बताया कि विशिष्ट वनों की श्रृंखला में शिक्षक दिवस पर लखनऊ में भी पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। यहां चंद्रिका देवी मंदिर के समीप ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यहां आगन्तुकों को स्मृति चिह्न के रूप में पौधे भी भेंट किए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में शिक्षक दिवस के मुख्य कार्यक्रम में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ पौधरोपण कर सकते हैं।

पौधरोपण महाभियान-2026 में लगाए गए विशिष्ट वन

पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत गुरु के सम्मान में 5 सितंबर को प्रदेश के सभी वन प्रभागों में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ लगाया जाएगा। इसे लेकर सभी वन प्रभागों में तैयारी पूरी हो गई है। मुख्य वन संरक्षक (प्रचार-प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया कि इस वर्ष भी अनेक विशिष्ट वन स्थापित किए गए।

उत्कृष्ट योगदान करने वाले, कार्य के प्रति समर्पित 81 शिक्षकों को मुख्यमंत्री योगी करेंगे पुरस्कृत

भावी पीढ़ी को गढ़ने व शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और अन्य उत्कृष्ट प्रयासों से शिक्षण कार्य को नई दिशा देने वाले प्रदेश के 81 शिक्षकों को शिक्षक दिवस पर पुरस्कृत किया जाएगा। 5 सितंबर को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, चयनित शिक्षकों को ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025’ एवं ‘मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025’ प्रदान करेंगे।

पुरस्कार के लिए चयनित कुल 81 शिक्षकों में बेसिक शिक्षा विभाग के 61 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं। इनमें 33 महिला शिक्षक (31 बेसिक और 2 माध्यमिक) शामिल हैं। शिक्षक दिवस पर होने वाले समारोह में बेसिक और माध्यमिक के 76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जबकि स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के 5 शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2018 में सीएम योगी ने ही की थी।

राज्य अध्यापक पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रत्येक शिक्षक को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा में दो वर्ष की वृद्धि होगी। इन शिक्षकों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

पुरस्कार प्राप्त करने के लिए प्रदेशभर से गोरखपुर आए चयनित सभी शिक्षकों को शासन की ओर से विशिष्ट अतिथि के रूप में होटलों में ठहराने की व्यवस्था की गई है। शनिवार को होने वाले शिक्षक दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह भी संबोधित करेंगे। समारोह में मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद, गोरखपुर के सांसद रविकिशन के अलावा अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

मथुरा से CM योगी का बड़ा संकल्प: अयोध्या-काशी के बाद अब भव्य बनेगी ब्रजभूमि

वाराणसी में बाढ़ का कहर: महापौर और नगर आयुक्त ने नाव से किया प्रभावित इलाकों का निरीक्षण

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button