UPSSSC का बड़ा फैसला, 10,272 अभ्यर्थियों को मिली हरी झंडी
उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में योगी सरकार की पहल जारी है। यूपीएसएसएससी ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) मुख्य परीक्षा-2024 के आधार पर 10,272 अभ्यर्थियों को पात्रता एवं अभिलेख परीक्षण के लिए अर्ह घोषित किया है। वहीं सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा की प्रोविजनल आंसर शीट परीक्षा के 24 घंटे के भीतर वेबसाइट पर जारी कर दी गई। अभ्यर्थी 30 अगस्त 2026 तक आंसर शीट देख सकते हैं।
लखनऊ : प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में योगी सरकार की पहल का असर स्वास्थ्य कार्यकर्ता भर्ती प्रक्रिया में भी दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) मुख्य परीक्षा-2024 के परिणाम के आधार पर 10,272 अभ्यर्थियों को पात्रता/अभिलेख परीक्षण के लिए अर्ह घोषित किया है। इस भर्ती के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) के कुल 5,272 पदों पर चयन किया जाना है।
मुख्य परीक्षा 11 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी। भर्ती प्रक्रिया में संविदा के आधार पर सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) के रूप में कार्य करने वाले अभ्यर्थियों के अनुभव को भी महत्व दिया गया है। शासन के प्रावधानों के तहत संविदा सेवा के लिए अधिकतम 15 अधिमानी अंक दिए जाने की व्यवस्था की गई है। इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में पहले से काम कर रहे अनुभवी अभ्यर्थियों को अवसर मिल रहा है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि पात्रता/अभिलेख परीक्षण के लिए यह अंतिम चयन परिणाम नहीं है। अंतिम चयन अभिलेख परीक्षण के बाद नियमानुसार घोषित किया जाएगा। सामान्य वर्ग की कटऑफ 61.75, अनुसूचित जाति की 56.75, अनुसूचित जनजाति की 31.75, अन्य पिछड़ा वर्ग की 55.25 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की 55 अंक रही है।
- पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई यूपी सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा
- परीक्षा के 24 घंटे में आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की गई प्रोविजनल आंसर शीट
- आयोग की वेबसाइट पर 30 अगस्त तक प्रोविजनल आंसर शीट देख सकेंगे अभ्यर्थी
विगत 9 वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां देने वाली योगी सरकार प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शिता के साथ तय समय पर संपादित करा रही है, ताकि युवाओं को उसका पूरा लाभ मिल सके। इसी क्रम में एक और प्रतियोगी परीक्षा न सिर्फ शुचितापूर्वक और पारदर्शी रूप से सम्पन्न हो गई, बल्कि 24 घंटे में इसकी प्रोविजनल आंसर शीट उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की वेबसाइट पर उपलब्ध भी करा दी गई है।
आयोग द्वारा आयोजित सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प०-2025)/08 के अन्तर्गत विभिन्न विभागों के विज्ञापित पदों पर चयन हेतु मुख्य परीक्षा सोमवार 23 अगस्त को संपन्न हुई। आयोग ने इस परीक्षा से संबन्धित समस्त अभ्यर्थियों को सूचित किया है कि इस लिखित परीक्षा की प्रोविजनल आंसर शीट आयोग की वेबसाइट upsssc.gov.in पर अपलोड कर दी गई है।
आयोग की तरफ इसका लिंक https://drive.google.com/file/d/1LKnAXU7pmFRvGthWF1R4xDCZD9PSJEN6/view?usp=sharing भी जारी किया गया है। प्रोविजनल आंसर शीट दिनांक 30-08-2026 तक आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
विदेशी पैसे के बल पर भारत की सामाजिक एकता को खंडित करना चाहती है कांग्रेसः मुख्यमंत्री



