State

अहमदाबाद 2030 की उल्टी गिनती शुरू, कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा भारत को सौंपा गया

ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का भव्य समापन हुआ और 2030 के शताब्दी संस्करण की मेजबानी आधिकारिक रूप से भारत को सौंप दी गई। नीरज चोपड़ा और पीटी उषा की मौजूदगी में कॉमनवेल्थ का झंडा भारत को सौंपा गया। शंकर महादेवन और मानुषी छिल्लर के नेतृत्व में भारतीय सांस्कृतिक प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया। भारत ने 39 पदकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया और अब अहमदाबाद 2030 की तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो गई हैं।

ग्लासगो  : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का रविवार को आधिकारिक तौर पर समापन हुआ और भारत ने 2030 में अहमदाबाद में होने वाले गेम्स के शताब्दी संस्करण की मेजबानी की जिम्मेदारी संभाली। हाइड्रो में हुए समापन समारोह में स्कॉटलैंड ने भारत को जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान पूर्व ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा की मौजूदगी में कॉमनवेल्थ का झंडा आधिकारिक तौर पर भारत को सौंपा गया।

इसके बाद भारत ने मशहूर गायक-संगीतकार शंकर महादेवन और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर के नेतृत्व में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ अहमदाबाद 2030 की अपनी यात्रा शुरू की। इस कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ से हुई, जिसके बाद डांस परफॉर्मेंस और संगीत के जरिए ‘वसुधैव कुटुंबकम’ (“दुनिया एक परिवार है”) की थीम पर देश की सांस्कृतिक विविधता को दिखाया गया।इसके बाद एक ऑडियो-विजुअल प्रेजेंटेशन के जरिए अहमदाबाद 2030 की झलक दिखाई गई, जिसमें भारत की खेल यात्रा और शताब्दी कॉमनवेल्थ गेम्स की एक झलक पेश की गई।

समारोह की शुरुआत में, ग्लासगो 2026 में बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीतने वाली जैस्मिन लंबोरिया ने एथलीटों की परेड के दौरान तिरंगा उठाया। इस दौरान सभी 74 देशों के खिलाड़ी एरिना में दाखिल हुए।परेड के दौरान ऑस्ट्रेलियाई गायिका-गीतकार डेल्टा गुड्रेम ने ‘बॉर्न टू ट्राई’ गाना गाया, जबकि समारोह में उन हजारों वॉलंटियर्स को भी धन्यवाद दिया गया जिन्होंने गेम्स के आयोजन में मदद की थी।स्कॉटिश कलाकारों – सैंडी थॉम, एलिफेंट सेशंस और प्राइमल स्क्रीम ने पूरी शाम दर्शकों का मनोरंजन किया।

इसके साथ ही, 11 दिनों तक चली प्रतियोगिता के यादगार पलों को दिखाने वाला एक वीडियो मोंटाज भी दिखाया गया। अपने समापन भाषण में, ग्लासगो 2026 के चेयरमैन जॉर्ज ब्लैक ने 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए अहमदाबाद को शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा, “ग्लासगो से अहमदाबाद तक – दो महान नदी-तटीय शहर – हम आपको शताब्दी गेम्स के स्वागत की तैयारी के लिए हर सफलता की कामना करते हैं।

“इसके बाद प्रिंस एडवर्ड, ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग ने आधिकारिक तौर पर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के समापन की घोषणा की और कॉमनवेल्थ देशों के एथलीटों को चार साल बाद अहमदाबाद में फिर से इकट्ठा होने के लिए आमंत्रित किया। इस समारोह के साथ ही भारत के ग्लासगो 2026 अभियान का भी समापन हुआ। भारतीय दल ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य सहित कुल 39 मेडल जीतकर मेडल टैली में चौथा स्थान हासिल किया। अब कॉमनवेल्थ का झंडा भारत के हाथों में आ गया है, इसलिए अहमदाबाद 2030 के लिए उल्टी गिनती आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। (वार्ता)

बृजभूषण शरण सिंह बरी, अब पहलवान क्या करेंगे?

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button