Varanasi

सीर गोवर्धन से काशी विश्वनाथ मार्ग को चमकाने में जुटा नगर निगम

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती पर 29 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित काशी दौरे को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविदास मंदिर से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक पूरे मार्ग का निरीक्षण कर सड़क, नाली, सफाई, वॉल पेंटिंग, पैचवर्क और विद्युत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूर्ण कर श्रद्धालुओं के लिए सुगम एवं स्वच्छ मार्ग सुनिश्चित करने को कहा।

वाराणसी : ​संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर 29 जुलाई को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काशी आगमन की संभावना है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इस क्रम में सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर से लेकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले पूरे मार्ग को भव्य और सुंदर बनाने की कवायद तेजी से शुरू कर दी गई है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने ​रविवार को मुख्यमंत्री के संभावित रूट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रविदास गेट से सोनारपुरा, बंगाली टोला और गोदौलिया मार्ग तक पाथवे तथा नालियों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही मार्ग पर आवश्यकतानुसार आकर्षक वॉल पेंटिंग कराने और सड़कों पर पैचवर्क (गड्ढामुक्ति) का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। ​नगर आयुक्त ने विद्युत विभाग को मार्ग में लटक रहे ढीले और जर्जर तारों को तुरंत व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

वहीं, स्वास्थ्य विभाग को सख्त हिदायत दी कि मार्ग पर पड़े सीएंडडी वेस्ट (मकानों के मलबे और कंस्ट्रक्शन वेस्ट) को तत्काल हटवाकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं व अतिथियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। ​निरीक्षण के दौरान बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग और आलोक (लाइटिंग) विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से अधिशासी अभियंता आगम कटियार, आलोक विभाग के जेई हरीश मिश्रा तथा जोनल स्वच्छता अधिकारी संदीप भार्गव समेत कई अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

सीवरेज योजना में सुस्ती पर नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी, दी चेतावनी

वाराणसी : ​नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को (वार्ड हुकुलगंज एवं नयी बस्ती) सीवरेज योजना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति और निर्माण की गुणवत्ता की गहन समीक्षा की। निरीक्षण में कार्य की गति अत्यंत धीमी मिलने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था व ठेकेदार फर्म को समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

119.35 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना ​उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) द्वारा कराई जा रही है । इसका कार्य मैसर्स ईएमएस लिमिटेड, गाजियाबाद द्वारा कराया जा रहा है। समीक्षा के दौरान सामने आया कि अब तक योजना की भौतिक प्रगति महज पांच प्रतिशत ही हो सकी है, जबकि वर्तमान में केवल 350 मीटर सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा हुआ है। इस सुस्त चाल पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए फर्म के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाई जाए।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं हुआ या दिए गए निर्देशों की अवहेलना की गई, तो संबंधित फर्म के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दो वार्डों को मिलेगा सीधा लाभ

इस सीवरेज योजना के पूर्ण होने से हुकुलगंज और नयी बस्ती वार्ड के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। योजना के तहत कुल 38.887 किमी लंबे सीवर लाइन का जाल बिछाया जाना है। इसके अलावा 6,561 सीवर गृह संयोजन (हाउस कनेक्शन) दिए जाएंगे तथा 1 सीवेज पम्पिंग स्टेशन का निर्माण भी प्रस्तावित है। ​निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद राजेश यादव व बृजेश चंद्र श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता वृजेश कुमार, सहायक अभियंता पीयूष वर्मा, अवर अभियंता रामचन्द्र राय व अजय कुमार पासवान, और कार्यदायी फर्म के प्रतिनिधि अमित कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

गुरु पूर्णिमा पर शिष्य और गुरु, दोनों भूमिका में दिखेंगे सीएम योगी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button