UP Live

सीएम योगी के विजन को लगेंगे पंख, सोमवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से पहली वाणिज्यिक उड़ान शुरू होने के साथ उत्तर प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाई छू ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत इंडिगो ने लखनऊ-नोएडा-बेंगलुरु सेक्टर पर उद्घाटन उड़ान संचालित की। इस ऐतिहासिक अवसर पर जेवर क्षेत्र के 170 किसान और खेतिहर मजदूर भी पहली उड़ान से लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन करेंगे। यह एयरपोर्ट प्रदेश को राष्ट्रीय एविएशन, निवेश और लॉजिस्टिक्स हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

नोएडा/लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क को सोमवार को एक और बड़ी उपलब्धि मिलने जा रही है। प्रदेश की महत्वाकांक्षी परियोजना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से 15 जून को वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ होगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में इंडिगो एयरलाइंस पहली लॉन्च कैरियर के रूप में उद्घाटन उड़ानों का संचालन करेगी।

जारी कार्यक्रम के अनुसार पहली उद्घाटन उड़ान संख्या 6E-2278 सुबह 7:05 बजे लखनऊ से 8:05 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान 8:35 बजे नोएडा से बेंगलुरु के लिए रवाना होगा और 11:05 बजे बेंगलुरु पहुंचेगा। वापसी में 6E-2279 दोपहर 3:45 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर 6:20 बजे नोएडा पहुंचेगी तथा शाम 6:55 बजे नोएडा से लखनऊ के लिए रवाना होकर रात 8:00 बजे राजधानी पहुंचेगी।

उद्घाटन उड़ानों का शेड्यूल

सेक्टर, फ्लाइट नंबर, प्रस्थान, आगमन
लखनऊ-नोएडा, 6E 2278, 07:05 AM, 08:05 AM
नोएडा-बेंगलुरु, 6E 2278, 08:35 AM, 11:05 AM
बेंगलुरु-नोएडा, 6E 2279, 03:45 PM, 06:20 PM
नोएडा-लखनऊ, 6E 2279, 06:55 PM, 08:00 PM

पश्चिमी यूपी और एनसीआर को मिलेगा नया एविएशन हब

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना के अनुरूप विकसित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों के लिए एक नए एविएशन और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित होगा। इंडिगो ने घोषणा की है कि वह चरणबद्ध तरीके से इस एयरपोर्ट को देश के 16 से अधिक प्रमुख शहरों से जोड़ेगी।

उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन रहा जेवर एयरपोर्ट

जेवर एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के बदलते आर्थिक और औद्योगिक परिदृश्य का प्रतीक माना जा रहा है। एक्सप्रेसवे, मेट्रो, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर और औद्योगिक निवेश की श्रृंखला में यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इंफ्रास्ट्रक्चर आधारित विकास मॉडल की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो प्रदेश को देश के प्रमुख एविएशन, व्यापार और लॉजिस्टिक्स केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली उड़ान से सीएम योगी का अभिनंदन करने आ रहे जेवर के किसान

उत्तर प्रदेश के विकास की नई इबारत लिख रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को एक ऐतिहासिक और भावनात्मक अध्याय जुड़ने जा रहा है। जेवर क्षेत्र के किसानों और खेतिहर मजदूरों के लिए यह सुखद अवसर होगा कि वे उसी भूमि से हवाई यात्रा करेंगे, जहां कभी वे खेती-मजदूरी करते थे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली उड़ान से करीब 170 किसान, जिनमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं, लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करेंगे।

विकास में सहभागी बने किसान, सीएम योगी से करेंगे संवाद

जेवर से उड़ने वाली पहली फ्लाइट से सफर करने वाले ये वे किसान परिवार हैं, जिन्होंने प्रदेश और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जमीन एयरपोर्ट निर्माण के लिए उपलब्ध कराई। वर्षों तक खेतों में अन्न उगाने वाले इन किसानों के लिए यह यात्रा केवल हवाई सफर नहीं, बल्कि सम्मान, विश्वास और विकास में उनकी भागीदारी का प्रतीक होगी। लखनऊ पहुंचने पर किसान प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनका अभिनंदन करेगा और प्रदेश के बदलते विकास परिदृश्य के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करेगा।

पहली उड़ान में शामिल होंगी 20 महिला किसान

इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल 20 महिला किसानों की मौजूदगी इस यात्रा को और अधिक विशेष बना रही है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर पहली बार विमान यात्रा करने जा रही ये महिलाएं प्रदेश में बढ़ते महिला सशक्तीकरण और समान भागीदारी का प्रतीक बनेंगी। यह संदेश भी जाएगा कि विकास की धारा में समाज के हर वर्ग और हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

विकसित भारत के सपनों को साकार करती तस्वीर

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि यह क्षण केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और संवेदनशीलता का नया मॉडल प्रस्तुत कर रहा है, जिसमें किसान केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास के सम्मानित साझीदार हैं। उन्होंने कहा कि जिन पैरों में कभी खेत की मिट्टी लगती थी, आज वही विमान की सीढ़ियां चढ़ेंगे। यह किसानों के आत्मसम्मान का उत्सव है और उस विश्वास का परिणाम है, जिसने प्रदेश की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

युवाओं को अत्याधुनिक विषयों में दक्ष और किसानों को आत्मनिर्भर बनाएं: मुख्यमंत्री

“गोरखपुर में योगी ने बांटी सौगातों की झड़ी, लाभार्थियों के चेहरे पर दिखी खुशी”

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button