नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण में खुली नाला सफाई की पोल, ठेकेदार पर जुर्माना, अभियंता पर कार्रवाई
मानसून से पहले नाला सफाई कार्यों की समीक्षा के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने वाराणसी के कई क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। सुंदरपुर, साकेत नगर और संकट मोचन में कार्य मानक के अनुरूप न मिलने पर अध्या ट्रेडर्स पर ₹50 हजार का जुर्माना लगाया गया। वहीं लापरवाही बरतने वाले अवर अभियंता पंकज पटेल को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए।
वाराणसी : नगर निगम शहर में जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार प्रयासरत है । इस क्रम में मानसून से पूर्व नाला सफाई के दावों की जमीनी हकीकत परखने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुंदरपुर, साकेत नगर और संकट मोचन सहित कई इलाकों में मानक के अनुरूप काम न होने और लापरवाही बरतने पर नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित फर्म पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और जिम्मेदार अवर अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है ।
नगर आयुक्त की इस सख्त कार्रवाई से सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और जिम्मेदार अभियंताओं में हड़कंप मचा हुआ है। निरीक्षण की शुरुआत सुंदरपुर सब्जी मंडी स्थित पुलिया से हुई, जहां मशीनों के माध्यम से नाला सफाई का कार्य चल रहा था। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि काम केवल खानापूर्ति है। सुंदरपुर मछली मंडी के पीछे का नाला पूरी तरह से सिल्ट से भरा हुआ था और उसमें झाड़-झंखाड़ तथा पेड़-पौधे उगे हुए थे। नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पूर्व में कई बार स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि नालों की तली-झाड़ सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके बावजूद गुणवत्ता से लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है।
इस क्रम में उन्होंने साकेत नगर पुलिया, संकट मोचन पुलिया और गांधीनगर कॉलोनी स्थित नरिया नाले का भी निरीक्षण किया। हर जगह लापरवाही मिलने पर नगर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से संबंधित फर्म अध्या ट्रेडर्स पर 50,000 रुपये का अर्थदंड आरोपित किया। साथ ही कार्य के प्रति उदासीनता बरतने वाले अवर अभियंता पंकज पटेल को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त के साथ अधिशासी अभियंता आगम कटियार, सहायक अभियंता कपीश बुधौलिया, विभागीय अवर अभियंता एवं संबंधित सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।
रिजल्ट से निराश छात्रों के लिए राहत की खबर, यूपी बोर्ड ने खोला दूसरा मौका
लेखा परीक्षक भर्ती में आरक्षण उल्लंघन की चर्चा के बीच आयोग का बड़ा खुलासा, जानिए क्या है पूरा मामला



