‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान बना जनआंदोलन, जानिए क्यों खास है यूपी का 5 करोड़ पौधरोपण लक्ष्य
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पर उत्तर प्रदेश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 5 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र से अभियान का शुभारंभ करेंगे। प्रदेश के सभी 18 मंडलों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। ग्राम्य विकास, कृषि, वन और अन्य विभागों को लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
लखनऊ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत एक ही दिन में 5 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इस महाअभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री लखनऊ स्थित कुकरैल वन क्षेत्र से करेंगे।
राज्य सरकार ने इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी विभागों, मंडलों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की है। प्रदेश के सभी 18 मंडलों, 75 जिलों, ग्राम पंचायतों और शहरी निकायों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कुकरैल वन क्षेत्र से होगा अभियान का शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ करेंगे। यहां 200 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण सक्सेना, प्रभारी मंत्री, प्रमुख सचिव वन, विभागाध्यक्ष सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री वन विभाग द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जहां पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और वृक्षारोपण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
जनभागीदारी से बनेगा हरित उत्सव
राज्य सरकार ने इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी का उत्सव बनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों, 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों और हजारों ग्राम पंचायतों में पूरे दिन पौधरोपण किया जाएगा।
वन विभाग के संयोजन में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान, नगर विकास, सिंचाई तथा अन्य विभागों के सहयोग से अमृत सरोवरों, तालाबों, नदियों, नहरों, एक्सप्रेसवे, राजमार्गों और ग्रामीण सड़कों के किनारे बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएंगे।
विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, युवा मंडलों तथा आम नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा गया है। सरकार का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी समाज के साथ साझा करना है।
लखनऊ मंडल को मिला सर्वाधिक लक्ष्य
प्रदेश के 18 मंडलों के लिए पौधरोपण के अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें लखनऊ मंडल को सर्वाधिक 62.77 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके बाद बरेली मंडल को 32.21 लाख तथा प्रयागराज मंडल को 32.17 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मंडलवार पौधरोपण लक्ष्य
| मंडल | लक्ष्य |
|---|---|
| लखनऊ | 62,77,000 |
| बरेली | 32,21,000 |
| प्रयागराज | 32,17,000 |
| कानपुर | 31,83,000 |
| झांसी | 31,67,000 |
| चित्रकूट | 31,29,000 |
| अयोध्या | 30,41,000 |
| देवीपाटन | 29,34,000 |
| मीरजापुर | 28,63,000 |
| मुरादाबाद | 27,60,000 |
| वाराणसी | 24,83,000 |
| गोरखपुर | 24,75,000 |
| आगरा | 24,67,000 |
| मेरठ | 19,06,000 |
| अलीगढ़ | 18,97,000 |
| आजमगढ़ | 18,93,000 |
| बस्ती | 16,01,000 |
| सहारनपुर | 14,86,000 |
ग्राम्य विकास विभाग लगाएगा 3 करोड़ पौधे
इस अभियान में विभिन्न विभागों को भी लक्ष्य निर्धारित कर जिम्मेदारी सौंपी गई है। सबसे बड़ी जिम्मेदारी ग्राम्य विकास विभाग को दी गई है, जो अकेले 3 करोड़ पौधे लगाएगा।
विभागवार लक्ष्य
| विभाग | लक्ष्य |
|---|---|
| ग्राम्य विकास विभाग | 3 करोड़ |
| कृषि विभाग | 75 लाख |
| वन विभाग | 50 लाख |
| उद्यान विभाग | 50 लाख |
| पंचायती राज विभाग | 20 लाख |
| नगर विकास विभाग | 5 लाख |
| कुल | 5 करोड़ |
पर्यावरण संरक्षण के साथ जनजागरण का भी उद्देश्य
राज्य सरकार के अनुसार ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति भावनात्मक जुड़ाव का अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने का आह्वान किया था। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे जनांदोलन का रूप दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण से न केवल हरित क्षेत्र बढ़ेगा बल्कि भूजल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और स्वच्छ वातावरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
हरित उत्तर प्रदेश की दिशा में बड़ा कदम
विश्व पर्यावरण दिवस पर एक दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य देश के सबसे बड़े वृक्षारोपण अभियानों में शामिल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित यह अभियान उत्तर प्रदेश को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार को उम्मीद है कि जनसहभागिता के बल पर यह अभियान नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा करेगा।
काशी की वरुणा पर मंडरा रहा अस्तित्व का संकट, गंगा की सेहत पर भी पड़ा असर
उत्तर प्रदेश में बनने जा रहा है कुछ ऐसा, जो बदल देगा पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान का भविष्य



