लू का डबल अटैक! दिल्ली समेत कई राज्य झुलसे, पीएम मोदी ने लोगों से कहा- सतर्क रहें
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। आईएमडी ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी करते हुए तापमान 45 डिग्री के करीब रहने की चेतावनी दी है। विदर्भ, राजस्थान, यूपी और तेलंगाना के कई जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और पशु-पक्षियों के लिए पानी रखने की अपील की है। 29 मई के बाद कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचने के बाद मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है।राजधानी सहित उत्तर भारत के बड़े हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब बना रह सकता है और 28 मई से पहले राहत की संभावना कम है। महीने के अंत तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश के साथ तापमान में गिरावट आ सकती है।आईएमडी के मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार विदर्भ क्षेत्र देश के सबसे अधिक गर्म इलाकों में बना हुआ है। ब्रह्मपुरी में तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस और नागपुर में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने वर्धा, अमरावती और चंद्रपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और अगले दो दिनों तक गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी है।विभाग ने कहा कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और तेलंगाना के कई हिस्सों में भी लू से गंभीर लू की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिम राजस्थान और मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।तेलंगाना के 10 जिलों में भी हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम और खम्मम जिलों में गंभीर लू चलने की आशंका जताई गई है।
आईएमडी ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में 29 मई के बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिल सकती है।मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और लंबे समय तक खुले में काम करने से परहेज करने की सलाह दी है।
मोदी का देशवासियों से प्रचंड गर्मी में अपना, दूसरों का ध्यान रखने और मंत्रालयों से राहत के कदम उठाने का आग्रह
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में प्रचंड गर्मी और लू के दौर को देखते हुए सभी देशवासियों से सावधानी बरतने और सभी मंत्रालयों से जनता को गर्मी और लू से बचाने के लिए हर संभव उपय करने का आह्वान किया है।श्री मोदी ने मंत्रिमंडल की बुधवार को यहां हुई बैठक में सभी मंत्रियों का ध्यान देश में पड़ रही भीषण गर्मी की ओर दिलाया और उनसे लोगों को इससे राहत दिलाने के लिए अपने अपने स्तर पर उपाय करने को कहा।
बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्चिनी वैष्णव ने बताया कि “प्रधानमंत्री ने मंत्रियों के साथ गर्मी और लू की स्थिति पर चर्चा की और उनसे मंत्रालय स्तर पर लोगों को राहत दिलाने के लिए कदम उठाने को कहा।”इससे पूर्व प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक के बाद एक कई पोस्ट में लोगों से लू और गर्मी से बचने के लिए पूरी सावधानी बरतने और अपने साथ साथ दूसरे लोगों का भी ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से पशु-पक्षियों के लिए भी घरों , दफ्तरों और दुकानों के बाहर बर्तन में पानी रखने की अपील की । उन्होंने कहा लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और अत्यधिक गर्मी की स्थिति में दूसरों को पानी देकर उनकी मदद करने का सुझाव दिया।
श्री मोदी ने कहा, “देश के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है और इसके साथ कई चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। यह गर्मी हम सभी के लिए कष्टदायी है और मैं आप सभी से यथासंभव सावधानी बरतने का आग्रह करता हूं। कृपया पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बाहर निकलते समय अपने साथ पानी जरूर रखें। दूसरों को भी पानी पिलाएं। ऐसे मौसम में ऐसी करुणा बहुत मायने रखती है।”प्रधानमंत्री ने चक्कर आना, मतली और अत्यधिक थकान के लक्षणों के प्रति लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि कोई व्यक्ति अस्वस्थ दिखाई दे, कमजोरी या सिरदर्द महसूस कर रहा हो तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार जगह पर ले जाकर पानी और ओआरएस उपलब्ध कराएं।
श्री मोदी ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और बाहर धूप में काम करने वाले लोग भीषण गर्मी के दौरान विशेष रूप से प्रभावित होते हैं और चेतावनी संकेतों को नजरअंदाज़ करना हीटस्ट्रोक का कारण बन सकता है।श्री मोदी ने लोगों से घर के बुजुर्गों और अन्य प्रियजनों का नियमित रूप से हालचाल पूछते रहने तथा उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त आराम करने की सलाह देने का भी आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने करुणा पर बल देते हुए, नागरिकों से अपील की कि वे इस गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए घरों, बालकनियों, छतों, दुकानों और कार्यालयों के बाहर पानी से भरे बर्तन रखें।
श्री मोदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा, “आइए हम इस भीषण गर्मी में, अपने आसपास के पशु-पक्षी और जानवरों का भी ख्याल रखें। घर, बालकनी, छत, दुकान या दफ्तर के बाहर रखा एक छोटा कटोरा पानी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान बन सकता है। इन कठिन दिनों में करुणा हमारा मार्गदर्शन करे।”(वार्ता)
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर, विपक्ष पर भाजपा का बड़ा हमला



