
सम्राट चौधरी ने रखे सबसे अहम विभाग, भाजपा-जदयू में ऐसे बंटा सत्ता का संतुलन
पटना में नई बिहार सरकार के मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह, सामान्य प्रशासन और कैबिनेट सचिवालय समेत कई अहम विभाग अपने पास रखे हैं। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन और बिजेंद्र यादव को वित्त विभाग मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। भाजपा और जदयू के बीच विभागों का संतुलन देखने को मिला, जबकि शिक्षा विभाग पहली बार मंत्री बने मिथिलेश तिवारी को सौंपा गया।
पटना : बिहार में सम्राट सरकार के मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है।मंत्री मंडल सचिवालय से जारी अधिसूचना के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पास सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन, सिविल विमानन तथा ऐसे विभाग रखे हैं, जो किसी अन्य मंत्री को आबंटित नही हैं।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को पिछली सरकर की तरह ही जल संसाधन और संसदीय कार्य विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं दूसरे उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव के पास वित्त और वाणिज्य कर विभाग की जिम्मेदारी होगी।गाँधी मैदान में आज शपथ लेने वाले मत्रियों में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मिला है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता दिलीप जायसवाल जिनके पास पिछली सरकार में उद्योग मंत्रालय था, इस बार राजस्व और भूमि सुधार विभाग के मंत्री बनाये गए हैं। पिछली सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा कृषि मंत्री बनाये गए हैं, वही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दी गयी है। पिछली सरकार में स्वास्थ्य मंत्रालय भाजपा के खाते में था, जो इस बार जदयू के पाले में आ गया है।जदयू की वरिष्ठ नेता लेसी सिंह को इस बार भवन निर्माण विभाग दिया गया है, वहीं भाजपा के रामकृपाल यादव सहकारिता मंत्री होंगे। श्री यादव पिछली सरकार में कृषि मंत्री थे।
बिहार सरकार में मंत्री के रूप में वापसी करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जगनाथ मिश्र के पुत्र नीतीश मिश्रा को नगर विकास एवं आवास तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग किया गया है। दामोदर रावत को परिवहन, संजय सिंह टाईगर को उच्च शिक्षा एवं विधि तथा जदयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग सौंपा गया है।जदयू नेता भगवान सिंह कुशवाहा योजना एवं विकास विभाग के मंत्री बने हैं, वही भाजपा के अरुण शंकर प्रसाद श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण के साथ युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग सम्हालेंगे। श्री प्रसाद पिछली सरकार में पर्यटन मंत्री थे।
जदयू के मदन सहनी मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संतोष कुमार सुमन लघु जल संसाधन, भाजपा की रमा निषाद पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, जदयू के रत्नेश सदा आपदा प्रबंधन तथा भाजपा के कुमार शैलेंद्र पथ निर्माण विभाग के मंत्री बनाये गए हैं।अन्य महिला मंत्रियों में जदयू की शीला कुमारी को विज्ञान प्रद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा, भाजपा की श्रेयसी सिंह को उद्योग एवं खेल तथा जदयू कोटे से पहली बार मंत्री बनी डॉ. श्वेता गुप्ता को समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गयी है।
नये मंत्रिमंडल में केदार प्रसाद गुप्ता पर्यटन, लखेंद्र कुमार रोशन अनुसूचित जाति और जनजाति, सुनील कुमार ग्रामीण कार्य तथा मो. जमा खान अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री होंगे। नंदकिशोर राम को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन, शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को उर्जा तथा डॉ. प्रमोद कुमार को खान एवं भुतत्वा के साथ कला संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।पहली बार मंत्री बने भाजपा के मिथिलेश तिवारी को शिक्षा विभाग दिया गया है। पहले यह विभाग जदयू के सुनील कुमार के पास था।
अन्य मंत्रियों में भाजपा के डॉ. रामचन्द्र प्रसाद को पर्यावरण, जल एवं जलवायु परिवर्तन, लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार सिंह को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, संजय कुमार को गन्ना उद्योग और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग सौंपा गया है। (वार्ता)
प्रदेश में समाप्त हुई स्मार्ट प्री-पेड मीटर व्यवस्था: ऊर्जा मंत्री



