“‘जिस मां की बेटी छीनी गई…’-आरजी कर कांड पर मोदी का बड़ा हमला, बंगाल में हलचल”
पश्चिम बंगाल के पनिहाटी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज हत्याकांड को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राज्य में ‘जंगलराज’, महिलाओं के खिलाफ अपराध, भ्रष्टाचार और घुसपैठ जैसे मुद्दों को उठाया। मोदी ने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और राज्य को भय, बेरोजगारी व अत्याचार से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा को समर्थन देने की अपील की।
- आरजी कर हत्याकांड के लिए तृणमूल का ‘जंगलराज’ जिम्मेदार : मोदी
पनिहाटी (पश्चिम बंगाल) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ अगस्त 2024 में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के भीतर 31 वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेनी चिकित्सक के साथ हुए बलात्कार और हत्या के लिए तृणमूल कांग्रेस के ‘जंगलराज’ को जिम्मेदार ठहराया है।कोलकाता के उत्तर में स्थित पनिहाटी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार और आरजी कर पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने राज्य में महिलाओं के कथित शोषण के लिए पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला। पनिहाटी में चुनावी मैदान में पहुंचने से पहले श्री मोदी ने श्रीमती रत्ना देबनाथ के साथ एक रोड शो का नेतृत्व किया।
श्री मोदी ने रैली में आये लोगों से कहा, “जिस मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाया और जिसकी बेटी को तृणमूल के महा जंगलराज ने छीन लिया, भाजपा ने उसी मां को इस बार अपना उम्मीदवार बनाया है।”गुरुवार को पश्चिम बंगाल में हुए पहले चरण के रिकॉर्ड मतदान का जिक्र करते हुए श्री मोदी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस में इस समय पूरी तरह बौखलाहट है।श्री मोदी ने कहा, “रिकॉर्ड मतदान देखने के बाद पूरी तृणमूल कांग्रेस घबराहट में है। इसी वजह से वे राज्य में हिंसा फैलाने के लिए गुंडों का सहारा लेने की कोशिश कर रहे हैं। यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे बुझने से पहले दीया तेज जलता है। तृणमूल कांग्रेस की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है।
“पनिहाटी में श्री मोदी ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया और राज्य में महिलाओं की स्थिति का कथित तौर पर फायदा उठाने के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल पर हमला बोला। श्री मोदी ने भीड़ से पूछा, “राज्य की मुख्यमंत्री सवाल करती हैं कि महिलाएं शाम सात बजे के बाद बाहर क्यों रहती हैं। तृणमूल महिलाओं को घरों के अंदर और दबाकर क्यों रखना चाहती है?”उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर वे महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने महिलाओं की ढाल बनकर उनके सपनों को पूरा करने का वादा भी किया।
श्री मोदी ने कहा, “हम राज्य की हर महिला की सुरक्षा और हिफाजत सुनिश्चित करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बंगाल की महिलाओं के सभी सपने और आकांक्षाएं पूरी हों।”उन्होंने बंगाल के मतदाताओं का आह्वान किया और उनसे भाजपा को वोट देने का आग्रह किया। श्री मोदी ने कहा, “नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने प्रसिद्ध नारा दिया था ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’। आज मैं आपसे कह रहा हूं कि आप मुझे अपना वोट रूपी आशीर्वाद दें और मैं आपको इस ‘महा जंगलराज’ से आजादी दूंगा।”
आप हमें वोट दें, हम आपको भय, भ्रष्टाचार, अत्याचार, पलायन, बेरोजगारी- घुसपैठियों से आजादी दिलाएंगेः मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के लोगों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट देने की अपील करते हुए उनसे आशीर्वाद मांगा है और वादा किया है कि इसके बदले में राज्य के लोगों को भय, भ्रष्टाचार, अत्याचार, पलायन, बेरोजगारी तथा घुसपैठियों से आजादी दिलायी जायेगी। ।श्री मोदी ने शुक्रवार को यहां भाजपा के विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा, ” नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने राष्ट्र का आह्वान किया था – तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। आप हमें आशीर्वाद दीजिए, हम आपको आजादी देंगे। आजादी तृणमूल के भय से, आजादी तृणमूल के भ्रष्टाचार से, आजादी तृणमूल के सिंडिकेट से, आजादी बेटियों पर अत्याचार से, आजादी पलायन की मजबूरी से, आजादी बेरोजगारी और बेकारी से, आजादी घुसपैठियों के कब्जे से।
“उन्होंने कहा कि बंगाल के सरकारी कर्मचारी से लेकर बंगाल के पुलिसकर्मी तक भयमुक्त होकर उज्ज्वल बंगाल के लिए मैदान में आए हैं। बंगाल के शिक्षक, वकील और डॉक्टर सहित हर प्रोफेशन के लोग भाजपा के समर्थन में उतरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में पहले चरण का मतदान हुआ है। बहुत ही जबरदस्त मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि आजादी मिलने के बाद देश ने कभी ऐसा नहीं देखा, जो इस बार बंगाल के लोगों ने करके दिखाया है। हर तरफ यही चर्चा है कि भाजपा को कितना बड़ा समर्थन बंगाल में मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बंगाल के छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारी तक भयमुक्त होकर भाजपा के साथ हैं। आज बंगाल के टैक्सी वालों से लेकर रिक्शा चलाने वाले तक भयमुक्त होकर भाजपा की सरकार के लिए समर्थन दे रहे हैं। आज नाव चलाने वाले हों, या नाम कमाने वाले, हर कोई खुलेआम परिवर्तन के लिए भाजपा के भरोसे पर बंगाल का भाग्य बनाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल ने बंगाल को केवल लूटने का काम किया है। ऐसा कोई काम नहीं, जहां तृणमूल का भ्रष्टाचार न हो। इसलिए बंगाल की जनता कह रही है कि भर्ती घोटाला चोलबे ना।
उन्होंने कहा कि बहुत हो गया अब बंगाल में ये सब नहीं चलेगा। उन्होंने कहा, “चिटफंड घोटाला चोलबे ना। कोयला खनन घोटाला चोलबे ना। बालू खनन घोटाला चोलबे ना। गरीबों के राशन की लूट चोलबे ना। तस्करों को छूट चोलबे ना। कटमनी चोलबे ना, कमीशन चोलबे ना।”प्रधानमंत्री ने कहा, “भाजपा का विश्वास है कि बेटी सशक्त होगी, तो समाज सशक्त होगा। इसलिए हम हर योजना में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि बंगाल की हर बहन आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने, लेकिन आपने देखा कि कुछ दिन पहले देश की संसद में तृणमूल और उसके साथियों ने महिला आरक्षण का विरोध किया।
” उन्होंने कहा कि देश चाहता है कि राजनीति में बेटियों की भागीदारी बढ़े, लेकिन तृणमूल नहीं चाहती। भाजपा चाहती है कि देश की नारी शक्ति सशक्त हो, लेकिन तृणमूल इसके विरोध में खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि यहां जादवपुर में भी सिंडिकेट ने विकास को अपना बंधक बनाया हुआ है। यहां बालू, ईंट और सीमेंट की सप्लाई पर किसका कब्जा है, ये किसी से नहीं छिपा। बीते वर्षों में अवैध निर्माण के मामले कई गुना बढ़ गए हैं। जो लोग खुद को जादवपुर का शुभचिंतक कहते हैं, वो जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा. “अगर कोई अपनी जमीन पर घर बनाने की कोशिश करे, तो उन्हें सिंडिकेट वालों को सुरक्षा शुल्क देनी पड़ती है। ऐसे हालात को हमें बदलना ही होगा। हम यहां अराजकता नहीं, अकादमिक माहौल चाहते हैं। हम यहां धमकियां नहीं, संवाद चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि जो सरकार अपने ही राज्य के सबसे बड़े शिक्षण संस्थान को नहीं बचा सकती, वो बंगाल का भविष्य क्या बचाएगी, बंगाल के नौजवानों के भविष्य क्या बचाएगी। जादवपुर यूनिवर्सिटी का नाम दुनिया भर में सम्मान से लिया जाता था। इस कैंपस की नींव ही राष्ट्रवाद पर रखी गई थी।
उन्होंने लेकिन आज यहां की स्थिति देखिए, कैंपस के अंदर धमकियां दी जा रही हैं, दीवारों पर देशविरोधी बातें लिखी जा रही हैं और छात्र अपनी पढ़ाई के बजाय, सड़कों पर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।उन्होंने कहा कि कमल छाप पर दिया आपका हर वोट दवाई, सिंचाई और सुनवाई, हर चीज की आजादी देगा। कमल छाप पर दिया आपका हर वोट उस सोच से आजादी देगा, जो बंगाल में हिंसा और रक्तपात को बढ़ावा देती है। कमल छाप पर दिया आपका हर वोट आपके सपनों को उड़ान देगा, बंगाल को फिर से भारत का नंबर वन स्टेट बनाएगा। कमल छाप पर दिया आपका हर वोट बंगाल को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों का बंगाल बनाएगा।
मोदी ने की हुगली नदी में नाव की सवारी और फोटोग्राफी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कोलकाता में हुगली नदी में नाव की सवारी करते हुए अपनी तस्वीरें साझा कीं।श्री मोदी द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में उन्हें हाथ में कैमरा लिए एक छोटी नाव पर बैठे देखा जा सकता है, जिसके बैकग्राउंड में विद्यासागर सेतु दिखाई दे रहा है।श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर हुगली नदी में नाव की सवारी करते हुए तस्वीरें साझा की है। इन तस्वीरों में मोदी फोटोग्राफी करते नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में प्रधानमंत्री नाव में हाथ में कैमरा लिए नजर आ रहे हैं।
उन्होंने लिखा, “हुगली नदी के किनारों से कुछ और झलकियाँ। इस विशाल नदी की तस्वीरें खींचने की कोशिश की। साथ ही, विद्यासागर सेतु और हावड़ा ब्रिज की भी करीब से झलक मिली।” उन्होंने हुगली नदी को पश्चिम बंगाल की संस्कृति से जुड़ा हुआ बताया।उन्होंने सोशल मीडिया पर हुगली में नाव की सवारी वाली तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “हर बंगाली के लिए, गंगा का एक बहुत ही खास स्थान है। कोई कह सकता है कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है। इसका पवित्र जल एक पूरी सभ्यता की शाश्वत भावना को अपने साथ समेटे हुए है।
“उन्होंने लिखा, “आज सुबह कोलकाता में, मैंने हुगली नदी के तट पर कुछ समय बिताया-यह माँ गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने का एक अवसर था। साथ ही, मुझे वहाँ नाव चलाने वालों से मिलने का भी अवसर मिला, जिनकी कड़ी मेहनत करने की प्रवृत्ति सचमुच सराहनीय है और मैं वहाँ सुबह सैर करने वालों से भी मिला।”उन्होंने कहा, “हुगली के तट पर मैंने पश्चिम बंगाल के विकास और महान बंगाली लोगों की समृद्धि के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया।”(वार्ता)
1KW उपभोक्ताओं के लिए बड़ा तोहफा: अब तुरंत नहीं कटेगा कनेक्शन, जानिए नया सिस्टम



