NationalState

रिकॉर्ड वोटिंग से गूंजे बंगाल-तमिलनाडु: जनता ने तोड़े सारे आंकड़े, लोकतंत्र हुआ मजबूत

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के दौरान रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। बंगाल के पहले चरण में 91.64% और तमिलनाडु में 84.80% मतदान हुआ, जो लोकतंत्र के प्रति जनता के उत्साह को दर्शाता है। भीषण गर्मी के बावजूद मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कुछ स्थानों पर हल्की झड़पों के बावजूद मतदान शांतिपूर्ण रहा। मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और अन्य दलों के बीच है।

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण में शाम छह बजे तक रिकॉर्ड तोड 91.64 प्रतिशत मतदान हुआ।राज्य के दक्षिण दिनाजपुर जिले में सबसे अधिक 94.50 प्रतिशत और केलिमपोंग जिले में सबसे कम 82.89 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा अलीपुरद्वार में 90.28 , बांकुरा में 91.34, बीरभूम में 93.37, कूचबिहार में 94.12, दार्जिलिंग में 87.91, जलपाईगुडी में 92.85, झारग्राम में 91.74, मालदा में 91.90, मुर्शिदाबाद में 92.76, पश्चिम बर्धमान में 88.96, पश्चिम मेदिनीपुर में 91.69, पूर्वी मेदिनापुर में 90.19, पुरलिया में 89.26 और उत्तर दिनाजपुर में 91.84 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य में इक्का-दुक्का घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बीरभूम जिले में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में कांग्रेस का एक कार्यकर्ता घायल हो गया। दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुमारगंज से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर हमले के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा कहीं से कोई अप्रिय घटना की रिपोर्ट सामने नहीं आयी है। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से पहले चरण में आज 152 सीटों पर मतदान समाप्त हो गया है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया।

मतदान का समय समाप्त होने से पहले मतदान केन्द्रों में पहुंचे मतदाता अभी भी मतदान कर रहे है। बंगाल में भीषण गर्मी के बावजूद सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाता लम्बी कतार में लगे हुए देखे गये।पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के लिए कुल 44,378 मतदान केन्द्र बनाये गये। जिन सीटों पर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है, उनमें नंदीग्राम, खड़गपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा और झारग्राम सीटों शामिल हैं।चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किये हैं और संवेदनशील इलाकों में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सघन तैनाती की गयी है।

आयोग ने राज्य के मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल में वाम समर्थकों को कथित तौर पर वोट डालने से रोकने के मामले में रिपोर्ट मांगी है।राज्य में सिलीगुड़ी और माटीगाड़ा में अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।राज्य में पहले चरण में कुल 1,478 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में मतदाताओं की कुल संख्या 3.60 करोड से अधिक है, जिनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.74 करोड़ महिलाएं और 465 उभयलिंगी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में कुल 6.44 करोड़ मतदाता हैं। मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है तथा कांग्रेस और वामपंथी दल भी पुरजोर से अपनी ताकत आजमा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के साथ-साथ महाराष्ट्र की दो विधानसभा सीटों और गुजरात की एक सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं। जहां महाराष्ट्र के बारामती में पांच बजे तक 58.91 प्रतिशत और राहुरी में 55.17 प्रतिशत तथा गुजरात के उमरेथ में 58.91 प्रतिशत मतदान हुआ।मतदान के बाद, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें सील करके मतगणना केंद्रों के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ में ले जायी जाएंगी, जहां 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा, जिसमें 142 सीटों पर मतदान कराया जायेगा। मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किये जायेंगे।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शाम छह तक 84.80 प्रतिशत मतदान

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में गुरूवार शाम छह बजे तक 84.80 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले, जो अपने आप में रिकॉर्ड तोड़ मतदान है।मतदान प्रतिशत दर्शाता है कि मतदाताओं ने वोटिंग को लेकर खासे उत्साह का प्रदर्शन किया ।तमिलनाडु में एक ही चरण में चुनाव कराया गया है। राज्य की सभी 234 सीटों के लिए मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चला। शाम छह बजे तक मतदान केन्द्र के प्रवेश करने वाले मतदाता मतदान कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाता कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिये। जिससे मतदाताओं का उत्साह देखते ही बनता है।

राज्य के करुर जिले में शुरुआती शाम पांच बजे तक सबसे अधिक 92.38 प्रतिशत और कन्याकुमारी जिले में सबसे कम 75.56 प्रतिशत मतदान हुआ। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में 83.36 प्रतिशत मतदान हुआ और इसके अलावा अरियालूर जिले में 85.96 प्रतिशत, चेंगलपट्टू में 84.60, कोयम्बटूर में 84.54, कुड्डालोर में 84.85, धर्मपुरी में 90.00, डिंडिगुल में 88.51, ईरोड में 89.95, कल्लाकुरीचि में 87.50, कांचीपुरम में 87.05, कृष्णागिरि में 84.91, मदुरई में 80.41, मायिलादुथुराई में 81.60 प्रतिशत मतदान हुआ।

इसके अलावा नागापट्टिनम में 85.71, नामक्कल में 87.63, पेरेम्बलूर में 85.38, पुडुकोट़टई 83.68, रामनाथपुरम में 76.55, रानीपेट में 89.13, सलेम में 90.43, शिवगंगा में 76.33, तेनकासी में 82.02, थंजावूर में 80.26, नीलगिरी में 78.70, थेनी में 71.17, तिरुवल्लूर में 83.43, थिरुवल्लूर में 83.33, थूथूकुडी में 77.56, तिरुचिरापल्ली में 85.38, तिरुनेलवेली 77.70, तिरुपथूर में 88.36, तिरुप्पुर में 88.41, तिरुवान्नामलाई 88.50, वेल्लोर में 88.30, विलुप्पुरम में 88.25 और विरुधनगर में 84.53 प्रतिशत मतदान हुआ।राज्य में कुल 4,023 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 443 महिला उम्मीदवार हैं। राज्य में 5.67 करोड़ मतदाताओं में से 2.70 करोड़ से अधिक पुरुष, 2.89 करोड़ महिलाएं और 7,728 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।

राज्य में 18-19 आयु वर्ग में कुल 12.51 लाख तथा 20-29 आयु वर्ग में 1.05 करोड़ मतदाता हैं।मतदान के बाद, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को सील कर मतगणना केंद्रों के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ में रखा जाएगा, जहां 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ द्रविड़ मनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन और अन्नाद्रमुक-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के बीच है। इस बार अभिनय की दुनिया से राजनीति के अखाड़े में उतरे अभिनेता सी जोसफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने कुछ सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है।

मतदान का रिकॉर्ड बनाने के लिए पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु के मतदाताओं को सलाम: मुख्य निर्वाचन आयुक्त

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के मतदाताओं का विधानसभा चुनाव में मतदान का रिकॉर्ड काम करने के लिए आभार जताया और उनकी सराहना की है।श्री कुमार ने गुरुवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद एक बयान में कहा, “स्वतंत्रता के बाद से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत – चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के प्रत्येक मतदाता को सलाम करता है।”उल्लेखनीय है कि आज पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में 152 सीटों पर शाम छह बजे तक के आंकड़ों के अनुसार 91. 64 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसी तरह तमिलनाडु में भी मतदाताओं की जबरदस्त भागीदारी के बीच 84.80 प्रतिशत वोट डाले गए हैं।अंतिम आंकड़े इससे कुछ अधिक हो सकते हैं।

बंगाल चुनाव में हिंसा की दो घटनाओं को लेकर चुनाव आयोग ने ‘एक्शन टेकन रिपोर्ट’ मांगी

पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग ने मुर्शिदाबाद जिले में चुनावी हिंसा की दो अलग-अलग घटनाओं के बाद की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के कार्यकर्ताओं के बीच नौदा में झड़प हो गई, जिसके चलते एजेयूपी उम्मीदवार हुमायूं कबीर से जुड़े वाहनों पर हमले किए गए। वहीं डोमकल में वामपंथी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को वोट डालने से रोका गया।यह आरोप भी लगाए गए कि केंद्रीय बल शुरू में निष्क्रिय रहे और राज्य पुलिस द्वारा भी पर्याप्त सहायता प्रदान नहीं की गई।राज्य पुलिस और केंद्रीय बल दोनों अशांति की रिपोर्ट मिलते ही मौके पर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों ने माइक्रोफोन का इस्तेमाल करते हुए स्थिति को शांत किया और मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया।वामपंथी समर्थकों ने बाद में केंद्रीय बलों की सुरक्षा में अपने वोट डाले। इससे पहले बुधवार को भी इस इलाके से झड़पों की रिपोर्टें मिली थीं।(वार्ता)

UP में पढ़ाई का पूरा हिसाब अब ऑनलाइन, हर बच्चे पर रहेगी सरकार की नजर

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button