Varanasi

आदि केशव घाट पर सख्त हुए नगर आयुक्त, स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

वाराणसी में स्वच्छ काशी-सुंदर काशी अभियान के तहत नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने आदि केशव घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए और कहा कि घाटों की स्वच्छता में कोई समझौता नहीं होगा। सार्वजनिक शौचालय और कूड़ा उठान व्यवस्था की भी समीक्षा कर जिम्मेदारों को सतर्क रहने को कहा।

वाराणसी। “स्वच्छ काशी-सुंदर काशी” के संकल्प को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले आदि केशव घाट का सघन निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि घाटों की स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि घाटों पर 24 घंटे सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नगर आयुक्त ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि सफाई कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने मौके पर ही कूड़ा उठान, झाड़ू लगाने और सफाई कर्मियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा कार्ययोजना के अनुरूप नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान घाट पर स्थित सार्वजनिक शौचालय का भी बारीकी से परीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने शौचालय की साफ-सफाई पर संतोषजनक व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए और कहा कि जनसुविधाओं के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च स्तरीय स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा, “आदि केशव घाट हमारी सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि उन्हें स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण मिले। इसके लिए सफाई निरीक्षकों को निरंतर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।”

आदिकेशव मंदिर : गंगा-वरुणा संगम पर भगवान विष्णु का हरिहरात्मक तीर्थ

सीमापार हैकिंग, एआई-जनित फिशिंग, डीपफेक के खतरे से निपटने में सक्षम होगा यूपी

Related Articles

Back to top button