
नवरात्र में मां पाटेश्वरी के दरबार पहुंचे CM योगी, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर का निरीक्षण कर रामनवमी को लेकर सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
- मंदिर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं का किया अभिवादन
लखनऊ/बलरामपुर। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बलरामपुर जनपद के तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से मां भगवती का दर्शन-पूजन कर आरती उतारी और प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहराइच में आयोजित एक कार्यक्रम के उपरांत बलरामपुर पहुंचे थे। मंदिर पहुंचने पर उन्होंने श्रद्धापूर्वक मां पाटेश्वरी के चरणों में शीश नवाया और प्रदेश की उन्नति के लिए विशेष प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और उनसे संवाद भी किया। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रामनवमी के अवसर पर सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गौरतलब है कि इससे पूर्व मुख्यमंत्री 11 मार्च को दो दिवसीय दौरे पर बलरामपुर आए थे, जहां 12 मार्च की सुबह भी उन्होंने मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन किया था। बुधवार के इस कार्यक्रम के दौरान महंत मिथिलेश नाथ योगी और प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी उपस्थित रहे।
जेवर एयरपोर्ट के लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में, सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
एमएमएमयूटी में गर्ल्स हॉस्टल का भूमि पूजन व शिलान्यास किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने



